दून में आफत बनकर बरस रहे बादल, सड़कें-पुस्ते ध्वस्त; जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त
अतिवृष्टि से सहस्रधारा मालदेवता बिष्ट गांव आदि क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ है। मुख्य मार्गों से लेकर पैदल मार्गों को खासी क्षति पहुंची है। कई जगह सड़कें और पुस्ते बह गए हैं। सहस्रधारा-मालदेवता लिंक मार्ग तीन स्थानों पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
जागरण संवाददाता, देहरादून। दून और आसपास के इलाकों में बारिश का कहर जारी है। गुरुवार रात हुई अतिवृष्टि से सहस्रधारा, मालदेवता, बिष्ट गांव आदि क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ है। मुख्य मार्गों से लेकर पैदल मार्गों को खासी क्षति पहुंची है। कई जगह सड़कें और पुस्ते बह गए हैं। सहस्रधारा-मालदेवता लिंक मार्ग तीन स्थानों पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे इस मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद है। तमसा नदी के उफान पर आने से बिष्ट गांव, गलज्वाड़ी आदि क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। नदी-नालों के बहाव के साथ कई जगह भारी भू-कटाव हुआ है। मुख्यमंत्री से लेकर प्रशासनिक अमला भी नुकसान का जायजा लेने पहुंचा और प्रभावितों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। राजपुर क्षेत्र में तुलतुलिया के पास चालंग-राजपुर पैदल मार्ग का पुल रिस्पना के तेज बहाव में क्षतिग्रस्त हो गया। यहां महाकालेश्वर मंदिर की भूमि नदी में बह गई।
मुख्यमंत्री ने दिए नदी को चैनलाइज करने के निर्देश
सहस्रधारा नदी के तेज उफान के कारण मालदेवता-सहस्रधारा लिंक मार्ग को हुए भारी नुकसान पहुंचा, जिसका मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निरीक्षण किया। खैरी मानसिंह में सड़क पूरी तरह ढह जाने के कारण आवाजाही बंद है। इसके अलावा यहां स्थित एक तिब्बती स्कूल का पिछला हिस्सा नदी में बह गया। साथ ही एक यूटिलिटी वाहन भी भू कटाव के कारण नदी में समा गया। जिस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नदी को चैनलाइज किया जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्सों को शीघ्र दुरुस्त किया जाए। जिलाधिकारी डा. आर राजेश कुमार ने अधीनस्थों को जिलेभर में हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए। इस दौरान रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने भी निरीक्षण कर स्थानीय लोग से हाल-चाल जाना।
काबीना मंत्री जोशी ने लिया क्षेत्र का जायजा
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अतिवृष्टि के कारण नदी में आए उफान से क्षतिग्रस्त सहस्रधारा-मालदेवता मार्ग, धनौला क्षेत्र सहित इंदिरा कालोनी, पथरिया पीर व बदरीनाथ कालोनी में हुए नुकसान का जायजा लिया। काबीना मंत्री ने उपजिलाधिकारी को नदी किनारे सुरक्षा दीवार का कार्य करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इंदिरा कालोनी, पथरिया पीर व बदरीनाथ कालोनी में निरीक्षण के दौरान काबीना मंत्री ने जिलाधिकारी के साथ फोन पर नुकसान का आकलन कर प्रभावितों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी गोपाल राम बिनवाल, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, अनुज कौशल, क्षेत्र पंचायत सदस्य धनौला धीरज थापा, अरङ्क्षवद तोपवाल आदि भी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- Photo/Video: बारिश से उफनाई नदियां, पुल टूटने से गिरीं गाड़ियां; बादल फटने से मकान ध्वस्त