देहरादून में परिवहन विभाग का शिकंजा- 179 चालान 12 वाहन सीज, सघन चेकिंग अभियान चलाकर हुई कार्रवाई
परिवहन विभाग ने देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार में सघन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर बड़ी कार्रवाई की।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार में परिवहन विभाग का सघन चेकिंग अभियान।
179 वाहनों के चालान, 12 वाहन सीज, 42 बिना टैक्स पकड़े गए।
ओवरलोडिंग, परमिट-फिटनेस उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जागरण संवाददाता, देहरादून। सप्ताहांत में नियम तोड़कर सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों पर परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। देहरादून से लेकर ऋषिकेश और हरिद्वार तक चले अंतरजनपदीय सघन चेकिंग अभियान में 179 वाहनों के चालान किए गए और 12 वाहन बंद/सीज किए गए। सबसे अधिक कार्रवाई बिना टैक्स, ओवरलोडिंग और वैध दस्तावेजों के बिना चल रहे वाहनों पर हुई। अभियान शनिवार सुबह से देर रात तक चला।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. अनीता चमोला के निर्देश पर देहरादून क्षेत्र में आईएसबीटी, रिस्पना, लच्छीवाला, आशारोड़ी-डाटकाली और रुड़की-दिल्ली-नारसन मार्ग पर टीमें उतारी गईं।
अभियान का खास फोकस भारी मालवाहक वाहनों की ओवरलोडिंग और बाहरी राज्यों से आने वाली एआईटीपी बसों की जांच पर रहा। 42 वाहन बिना टैक्स दौड़ते मिले। वहीं, 29 वाहनों पर टैक्स बकाया मिला।
क्षमता से अधिक माल या यात्री ले जाने वाले 34 वाहन पकड़े गए। 19 वाहनों के पास प्रदूषण प्रमाणपत्र, 13 के पास फिटनेस, 19 के पास परमिट और 11 के पास इंश्योरेंस नहीं मिला। गंभीर उल्लंघन पर 19 वाहनों के परमिट और फिटनेस निरस्त करने की संस्तुति की गई।
देहरादून में एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह की टीम ने रुड़की-दिल्ली-नारसन मार्ग पर 30 चालान और चार वाहन बंद किए। प्रभारी एआरटीओ नेहा झा की टीम ने आईएसबीटी-रिस्पना-लच्छीवाला मार्ग पर 38 चालान किए। प्रभारी एआरटीओ रुड़की कृष्ण चंद्र पालड़िया ने आशारोड़ी-डाटकाली मार्ग पर 17 चालान और एक वाहन बंद किया।
ऋषिकेश-हरिद्वार में भी कार्रवाई
इसके बाद ऋषिकेश और हरिद्वार क्षेत्र में भी कार्रवाई जारी रही। एआरटीओ प्रवर्तन ऋषिकेश रश्मि पंत की टीम ने 25 चालान किए, जबकि एआरटीओ प्रवर्तन टिहरी ज्योतिशंकर मिश्रा की टीम ने ऋषिकेश में 37 चालान और पांच वाहन बंद किए।
परिवहन कर अधिकारी विकासनगर मुकुल मरवाल ने नेपाली फार्म मार्ग पर पांच वाहनों के चालान किए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए इस तरह की औचक चेकिंग आगे भी जारी रहेगी। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
