देहरादून में स्वाइन फ्लू की रफ्तार तेज, 8 नए मामले सामने आए, सक्रिय मरीज 78
देहरादून में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, शुक्रवार को 8 नए मरीज मिले, जिससे कुल संक्रमितों ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। मौसम बदलने के साथ स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार सामने आ रहा है। शुक्रवार को जिले में एच1एन1 के 44 सैंपल की जांच में आठ मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें छह मरीज दूसरे जिलों के और दो देहरादून के हैं। इसके साथ ही जिले में अब तक सामने आए एच1एन1 संक्रमितों की संख्या 565 पहुंच गई है। इनमें 485 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि अभी 78 सक्रिय मामले हैं।
पुरुषों में संक्रमण अधिक
एच1एन1 के कुल 565 संक्रमितों में पुरुषों की संख्या 302, जबकि महिलाओं की संख्या 263 है। यानी पुरुषों में संक्रमण के मामले महिलाओं की तुलना में अधिक सामने आए हैं। उम्र के लिहाज से 61 से 70 वर्ष में 95, 51 से 60 वर्ष आयु वर्ग में 91 संक्रमितों की संख्या अधिक दर्ज की गई है। वहीं 1-10 आयुवर्ग में 89 संक्रमण के मामले सामने आए हैं।
कोरोना का भी एक नया मामला
दैनिक कोविड रिपोर्ट में शुक्रवार को 23 सैंपल लिए गए, जिसमें पौड़ी निवासी एक मरीज संक्रमित मिला। जिले में अब तक कोविड के 810 सैंपल लिए जा चुके हैं और कुल 54 संक्रमित मिले हैं। इनमें 51 मरीज स्वस्थ हुए हैं।
डेंगू के पांच नए मरीज मिले, सक्रिय मरीजों की संख्या 23
देहरादून: जिले में 383 सैंपल की एलाइजा जांच में पांच मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। इनमें दो मरीज देहरादून और तीन अन्य जिलों के हैं। इसके साथ जिले में डेंगू के कुल संक्रमितों की संख्या 189 पहुंच गई है। इनमें 166 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 23 मरीज वर्तमान में अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।
जिले में अब तक 30,989 सैंपल की जांच की जा चुकी है। डेंगू की रोकथाम के लिए आशा कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों की टीमों ने मिलकर 11,359 घरों का सर्वे किया और 67,201 कंटेनरों की जांच की। इनमें 200 घर और 260 कंटेनर पाजिटिव मिले।
