विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून में लूट के बाद पुलिस एनकाउंटर में एक बदमाश ढेर, थाना प्रभारी भी गोली लगने से जख्मी

Published: Thu, 30 Apr 2026 06:49 AM (IST)Updated: Thu, 30 Apr 2026 07:01 AM (IST)

देहरादून के प्रेमनगर में लूट के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच जंगल में मुठभेड़ हुई। इसमें एक बदमाश मारा गया।

मुठभेड़ में मर गया बदमाश को मोर्चरी में लेकर जाते हैं पुलिस

मुठभेड़ में मर गया बदमाश को मोर्चरी में लेकर जाते हैं पुलिस

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। राजधानी दून के प्रेमनगर क्षेत्र में लूट की वारदात के बाद बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच जंगल में मुठभेड़ हो गई। तीन बदमाश घटना को अंजाम देकर फरार हुए थे।

पीछा करती पुलिस के करीब पहुंचते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान चली गोली थाना प्रभारी नरेश राठौर को लगी, जबकि जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश ढेर हो गया। दो अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले।

एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के अनुसार लूट की सूचना मिलते ही तत्काल अलर्ट जारी किया गया और पुलिस टीमों ने बदमाशों का पीछा शुरू किया। दबाव बढ़ता देख तीनों आरोपी जंगल की ओर भागे।

पुलिस टीम नजदीक पहुंची तो बदमाशों ने सीधे फायर झोंक दिए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। मुठभेड़ के दौरान एक गोली थाना प्रभारी नरेश राठौर को लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है।

उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस की जवाबी गोलीबारी में एक बदमाश मौके पर ही ढेर हो गया। उसकी पहचान और आपराधिक पृष्ठभूमि खंगाली जा रही है। पुलिस को आशंका है कि मृत बदमाश किसी सक्रिय गिरोह से जुड़ा हो सकता है।

दो फरार, जंगल में रातभर कांबिंग

बाकी दो आरोपित जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सघन कांबिंग शुरू कर दी है। घटना के तुरंत बाद वायरलेस संदेश के जरिए पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया।

शहर से लेकर देहात तक पुलिस बल सक्रिय कर दिया गया है। सहसपुर व विकासनगर थाना पुलिस को बॉर्डर सील करने के निर्देश जारी किए गए हैं ताकि फरार बदमाश जिले से बाहर न निकल सकें।

एसएसपी पहुंचे मौके पर

मुठभेड़ की सूचना पर एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल मौके पर पहुंचकर पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं। आसपास के जंगल, कच्चे रास्ते और संभावित ठिकानों पर पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं। घटना के बाद प्रेमनगर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- देहरादून में VIP कार्ड और रिफंड का झांसा देकर 5.79 लाख की साइबर ठगी, टेलीग्राम ग्रुप बनाकर फंसाया