विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून में गोवंश के साथ क्रूरता: ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे बांधकर दूर तक घसीटा, आरोपी मालिक गिरफ्तार

Published: Mon, 24 Aug 2026 11:07 AM (GMT+05:30)

विकासनगर में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने गोवंश को बांधकर सड़क पर घसीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. विकासनगर में गोवंश को ट्रैक्टर से बांधकर घसीटा गया।

  2. गंभीर रूप से घायल गोवंश को सड़क पर छोड़ा गया।

  3. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त।

जागरण संवाददाता, देहरादून। कोतवाली विकासनगर अंतर्गत धर्मावाला-कुंजा मार्ग पर गोवंश के साथ क्रूरता का बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे गोवंश को बांधकर सड़क पर घसीटने का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया है। गोवंश गंभीर रूप से घायल है।

उसके शरीर पर गहरे घाव हैं और कई स्थानों पर हड्डियां तक दिखाई दे रही हैं। घटना के बाद चालक घायल गोवंश को जुडली गांव में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया।

हिंदू संगठनों ने धरना देकर आक्रोश जताया और गोवंश का उपचार कराया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपित को हिरासत में लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया है।

रविवार सुबह सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े गोवंश को देखकर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर हरबर्टपुर पुलिस चौकी प्रभारी मयंक त्यागी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई।

मार्ग किनारे लगे सीसीटीवी में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक गोवंश को पीछे बांधकर घसीटता हुआ दिख रहा है। लोगों ने घटना में शामिल व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल राजीव रौथाण के अनुसार जुडली निवासी आयुष शर्मा की तहरीर पर आरोपित राजकुमार निवासी आदूवाला जुडली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।