विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली की घटना के बाद देहरादून में लग्जरी बसों पर कसा शिकंजा, सुरक्षा जांच तेज; रात में चला चेकिंग अभियान

Published: Tue, 01 Sep 2026 10:45 PM (IST)

दिल्ली की घटना के बाद उत्तराखंड परिवहन विभाग ने देहरादून में लग्जरी बसों पर शिकंजा कसा है। रात में चले ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, देहरादून। दिल्ली में लग्जरी बस में किशोरी से दुष्कर्म की घटना के बाद उत्तराखंड परिवहन विभाग भी सतर्क हो गया है। मंगलवार देर रात देहरादून संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में परिवहन विभाग की टीमों ने दूसरे राज्यों से आने वाली निजी और लग्जरी बसों की सघन चेकिंग की। अभियान के दौरान देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और रुड़की क्षेत्र में प्रवर्तन अधिकारियों और परिवहन निरीक्षकों (आरआइ) की संयुक्त टीमें तैनात रहीं।

सोमवार को आरटीओ (प्रशासन) संदीप सैनी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए संभाग में निजी बसों की जांच के निर्देश दिए थे। इसके अनुपालन में मंगलवार रात आरटीओ (प्रवर्तन) डा. अनीता चमोला के नेतृत्व में संयुक्त चेकिंग अभियान शुरू किया गया। टीमों ने रात में संचालित होने वाली बसों को रोककर उनके दस्तावेज और परिवहन नियमों के अनुपालन की जांच की।

परिवहन विभाग का विशेष फोकस दूसरे राज्यों से आने वाली लग्जरी बसों पर रहा। देर रात बसों के संचालन, परमिट समेत आवश्यक अभिलेखों और अन्य निर्धारित मानकों की जांच की गई। अधिकारियों ने बस संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश भी दिए।

दिल्ली की घटना ने रात में संचालित होने वाली लग्जरी बस सेवाओं में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ऐसे में देहरादून संभाग में शुरू किया गया यह अभियान सिर्फ दस्तावेजों की जांच तक सीमित न रहकर बस संचालन में सुरक्षा मानकों की निगरानी की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।