देहरादून दरगाह तोड़फोड़: खादिम पर हथौड़े और लाठी-डंडे लेकर टूट पड़े 25 लोग, बंधक बनाकर पीटा
देहरादून के डालनवाला स्थित दरगाह बाबा जमात शाह में तोड़फोड़ और खादिम से मारपीट का मामला सामने आया है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। डालनवाला क्षेत्र स्थित रेंजर्स ग्राउंड में दरगाह बाबा जमात शाह में घुसकर तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि दरगाह के खादिम को बंधक बनाकर मारपीट की गई। शिकायत पर पुलिस ने बजरंग दल के दो कार्यकर्ताओं को नामजद करते हुए 25 अज्ञात के खिलाफ मुक़दमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में दरगाह के खादिम मकसूद अहमद ने शिकायत की। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को दरगाह बाबा जमात शाह में बजरंग दल के अमन स्वेडिया, सिद्दार्थ अपने 20-25 साथियों के साथ हथौड़े, लाठी डंडे के साथ जबरन दरगाह परिसर में घुसकर तोडफोड की।
आरोप है कि सभी ने मजार को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान बुजुर्ग खादिम को भी बंधक बनाकर मारपीट की गई। शिकायत में आरोप लगाया कि जानबूझकर माहौल खराब करने का प्रयास किया गया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपित अमन स्वेडिया, सिद्धार्थ बड़ोनी को नामजद करते हुए 25 अज्ञात के खिलाफ मुक़दमा दर्ज किया है।
