Dehradun Crime: पहली पत्नी के होते हुए भी रिटायर्ड फौजी ने कर ली दूसरी शादी, मुकदमा दर्ज
पहली पत्नी के होते हुए रिटायर्ड फौजी ने दूसरी शादी कर ली। पहली पत्नी को खर्च देना भी बंद कर दिया। महिला हेल्पलाइन की जांच के बाद आरोपित के खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जागरण संवाददाता, देहरादून। पहली पत्नी के होते हुए रिटायर्ड फौजी ने दूसरी शादी कर ली। पहली पत्नी को खर्च देना भी बंद कर दिया। महिला हेल्पलाइन की जांच के बाद आरोपित के खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। सेवलाखुर्द नया गांव निवासी अनिता ने बताया कि उनकी शादी संदीप से तीन फरवरी 2006 को हुई थी।
इसके कुछ दिनों बाद ही संदीप ने उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त करना शुरू कर दिया। 2011 में उसने अनिता को चलती बाइकसे गिरा दिया था, जिससे उनके सिर पर काफी चोटें आईं। अनिता ने बताया कि संदीप अप्रैल 2017 में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुआ था। इसके बाद 10 अक्टूबर 2018 को वह अपने साथ एक महिला और बच्चे को घर लेकर आ गया। अनिता के पूछने पर उसने बताया कि वह उसकी दूसरी पत्नी है।
स्वजनों को धमकाकर युवती को ले गया युवक
रायपुर क्षेत्र में युवती के स्वजनों को धमकी देकर एक युवक उसे अपने साथ ले गया। रायपुर थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। युवती के दादा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि इश्तियाक आलम सोमवार शाम उनकी 23 साल की पोती को बहला-फुसलाकर कहीं ले गया है। आरोपित ने धमकी दी है कि अगर युवती की शादी उससे नहीं करवाई तो वह आत्महत्या कर लेगा और उन्हें झूठे केस में फंसा देगा। एसओ रायपुर दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि आरोपित की तलाशी शुरू कर दी गई है।
14 किलो गांजा के साथ दो धरे
नगर कोतवाली और नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने दो व्यक्तियों को नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से 14 किलो गांजा बरामद हुआ है। नेहरू कॉलोनी थाने के इंस्पेक्टर राकेश गुसांई ने बताया कि गणेश विहार में पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक व्यक्ति को रोक कर तलाशी ली गई तो उसके पास 10 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपित की पहचान भोला साहनी निवासी दरभंगा बिहार हाल निवासी सप्लाई गढ़ी कैंट के रूप में हुई है। वहीं, नगर कोतवाल एसएस नेगी ने बताया कि बिंदाल बस्ती में चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति के पास चार किलो गांजा मिला। आरोपित की पहचान मनोज साहनी निवासी बिंदाल बस्ती के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें- Dehradun Crime: विकासनगर में दहेज के लिए प्रताड़ित की गई तीन महिलाएं, मुकदमा दर्ज