यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 19, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Chlorine Gas Leak: गैस को बेअसर करने में लगे डेढ़ दिन, पर अब मिला ऐसा उपकरण, जो चंद मिनटों में कर देगा ये काम
Chlorine Gas Leak कैमिकल न्यूट्रीलाइजर चंद मिनटों में ही जहरीली गैस को बेअसर कर देगा। कंपनी का दावा है कि ...और पढ़ें

HighLights
- प्रेमनगर में जहरीली गैस रिसाव के बाद अग्निशमन एवं आपात सेवा ने शुरू की खरीद प्रक्रिया
- दिल्ली स्थित कंपनी के तकनीशियन ने किया फायर स्टेशन देहरादून में उपकरणों का प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, देहरादून। जहरीली गैस रिसाव के कारण बड़ा खतरा पैदा हो जाता है। हाल ही में प्रेमनगर स्थित झाझरा में क्लोरीन गैस रिसाव के कारण मानव जीवन के लिए खतरा पैदा हो गया था। क्लोरीन गैस को बेअसर करने में डेढ़ दिन का समय लग गया। इस प्रकार के हादसों को देखते हुए अग्निशमन एवं आपात सेवा की ओर से कैमिकल न्यूट्रीलाइजर फायर उपकरण की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि कैमिकल न्यूट्रीलाइजर चंद मिनटों में ही जहरीली गैस को बेअसर कर देगा। पुलिस महानिरीक्षक नीरू गर्ग ने बताया कि जहरीली गैस रिसाव के कारण बड़ा खतरा पैदा हो जाता है। अब तक अग्निशमन एवं आपात सेवा में ऐसा कोई उपकरण नहीं था, जिससे जहरीली गैस को बेअसर किया जा सके।
झाझरा में क्लोरीन गैस रिसाव के बाद ऐसा उपकरण खरीदने की प्रक्रिया शुरू गई है, जिससे समय रहते गैस रिसाव को बेअसर किया जा सके। इसके लिए दिल्ली की एक कंपनी के साथ संपर्क किया गया था। कंपनी का तकनीशियन गुरुवार को देहरादून पहुंचा और प्रदर्शन किया। जल्द ही कैमिकल न्यूट्रीलाइजर खरीदने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कंपनी का दावा है कि कैमिकल न्यूट्रीलाइजर करीब 28 जहरीली गैसों को बेअसर कर सकता है। इस मौके पर पुलिस उपमहानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती, उप निदेशक एसके राणा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी वीबी यादव, अग्निशमन अधिकारी सुरेश चंद्र भी मौजूद रहे।
कंपनी की ओर से इन उपकरणों का भी किया गया प्रदर्शन
फायर स्टेशन देहरादून में कंपनी के तकनीशियन ने लाइट वेट मिस्ट फायर एक्सटिंग्यूशर, मल्टी परपज फायर एक्सटिंग्यूशर का प्रदर्शन भी किया गया। आइजी नीरू गर्ग ने बताया कि लाइट वेट मिस्ट फायर एक्सटिंग्यूशर से आग, पेट्रोल की आग, गैस की आग, बिजली की आग और खाना पकाने के तेल की आग पर काबू किया जा सकता है। इसके अलावा बैक पैक सेट मोटरसाइकिल और आपदा के समय लाइटिंग के लिए पोर्टेबल एलइडी लाइट का डेमो दिया गया।
