विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 03, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

धनतेरस पर बाजार में बरसा धन, कारोबार खिलखिलाया; हर जगह दिखी आफर की भरमार

By Raksha PanthriEdited By:
Published: Wed, 03 Nov 2021 07:55 AM (IST)

मंगलवार को सराफा बाजार में सोने-चांदी के सिक्कों के साथ जेवरात और लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति खूब बिकी। वाहनों का बाजार ...और पढ़ें

धनतेरस पर बाजार में बरसा धन, कारोबार खिलखिलाया; हर जगह दिखी आफर की भरमार।
धनतेरस पर बाजार में बरसा धन, कारोबार खिलखिलाया; हर जगह दिखी आफर की भरमार।

जागरण संवाददाता, देहरादून। धनतेरस पर बाजार में धन की खूब वर्षा हुई। सबसे ज्यादा रौनक बर्तन, सराफा और वाहन बाजार में दिखी। आम से लेकर खास तक, हर वर्ग ने अपनी जरूरत और मान्यता के मुताबिक खरीदारी की। दुकानदारों ने भी ग्राहकों को लुभाने में कसर नहीं छोड़ी। हर जगह आफर की भरमार दिखी।

मंगलवार को सराफा बाजार में सोने-चांदी के सिक्कों के साथ जेवरात और लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति खूब बिकी। वाहनों का बाजार भी गुलजार रहा। नामचीन वाहन निर्माता कंपनियों के शोरूम में सुबह से देर रात तक वाहनों की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ लगी रही। बर्तन और विद्युत उपकरणों की दुकान में भी भारी भीड़ उमड़ी। इससे बाजार में दिनभर जाम की स्थिति भी देखने को मिली। तमाम लोग खरीदारी के लिए शुभ मुहूर्त में घर से निकले।

कोरोना के चलते सुस्त पड़ा बाजार चहका तो व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे। सुबह से ही पलटन बाजार, धामावाला बाजार, सहारनपुर चौक, राजपुर रोड, चकाराता रोड, प्रेमनगर, करनपुर, पटेलनगर समेत सभी बाजार और गली-मोहल्लों के दुकानदारों में धनतेरस को लेकर खासा उत्साह दिखा। ग्राहकों की मांग के साथ हर वर्ग का ध्यान रखते हुए दुकानदारों ने भी पूरी तैयारी की थी।

शाम को झाड़ू की कीमत डेढ़ गुना

धनतेरस पर झाड़ू खरीदे जाने की भी परंपरा है। इसके मद्देनजर मुख्य बाजार के साथ गली-मोहल्लों में भी झाड़ू की दुकानें सजी हुई थीं। शाम होने के साथ ही झाड़ू की मांग बढऩे लगी। इसका दुकानदारों ने भी खूब फायदा उठाया। हनुमान चौक स्थित कई दुकानों में सुबह जो झाड़ू 50 रुपये में मिल रहा था, शाम को उसकी कीमत 70 रुपये हो गई।

खूब बिका घरेलू सजावट का सामान

धनतेरस पर घर की सजावट का सामान भी खूब बिका। बिजली की लड़ियां, मूर्तियां, खील-बतासे, नारियल, मिठाई, फल, स्वास्तिक, लक्ष्मी गणेश के स्टीकर की खूब खरीदारी हुई।

बाजार से निकलना हुआ मुश्किल

वैसे भी दून के बाजार जाम से हलकान रहते हैं। त्योहार में स्थिति और खराब हो जाती है। मंगलवार को पलटन बाजार, धामावाला, सहारनपुर चौक, पटेलनगर, करनपुर, धर्मपुर, चकराता रोड, राजपुर रोड, टर्नर रोड आदि क्षेत्र दिनभर खरीदारों की भीड़ से पैक रहे। ऐसे में ग्राहकों को बाजार से बाहर निकलने में घंटों लग गए।

शाम को पूजा कर मांगी खुशहाली

धन, वैभव, यश, प्रगति, सुख और शांति की कामना के साथ घरों में शुभ मुहूर्त पर भगवान विष्णु के स्वरूप भगवान धन्वंतरि और कुबेर का पूजन किया गया। इस दौरान पूरे परिवार के आरोग्य जीवन की कामना की गई। रात को घरों में उनके नाम के दीये जलाए गए।

यह भी पढ़ें- दीपावली के जश्न में सेहत का भी रखें ख्याल, इन बातों पर जरूर दें ध्यान; नहीं तो पड़ सकते हैं बीमार