चक्रवात अर्नब का उत्तराखंड के मौसम पर असर, बारिश-बर्फबारी की संभावना; कल से करवट बदल सकता है मौसम
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात 'अर्नब' का अप्रत्यक्ष असर उत्तराखंड में दिख सकता है, जिससे बुधवार से 1 नवंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

जागरण संवाददाता, देहरादून। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर उत्तराखंड में अप्रत्यक्ष रूप से देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में बुधवार से एक नवंबर के बीच कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। शुक्रवार को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात ‘अर्नब’ के बुधवार की सुबह आंध्र प्रदेश तट पर पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम भारत को मंगलवार की रात से नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित कर सकता है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से उत्तराखंड में मौसम बदलने के आसार हैं।
हालांकि, प्रदेश में संभावित बारिश को सीधे चक्रवात का प्रभाव मानने के बजाय स्थानीय मौसम प्रणालियों के साथ जोड़कर देखना होगा। पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 और 30 अक्टूबर को प्रदेश में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
पांच पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार
उत्तराखंड में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया जा रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को प्रदेश के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बुधवार को मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने का पूर्वानुमान जताया है। इन जिलों के 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं, प्रदेश के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
