राफेल मामले में केंद्र सरकार पर बरसीं सांसद शैलजा कुमारी
राज्यसभा सदस्य एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यसमिति की सदस्य शैलजा कुमारी ने राफेल मामले में प्रधानमंत्री और भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। राज्यसभा सदस्य एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यसमिति की सदस्य शैलजा कुमारी ने राफेल मामले में प्रधानमंत्री और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राफेल सौदे में सरकारी खजाने पर 41205 करोड़ का चूना लगाया गया। ये भी आरोप जड़ा कि सुप्रीम कोर्ट में सरकार की ओर से गलत तथ्य पेश किए गए। कांग्रेस इस प्रकरण में लगातार जेपीसी के गठन की मांग करती आ रही है, मगर इसे अनसुना किया जा रहा है।
देहरादून पहुंची कांग्रेस नेता शैलजा ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में राफेल को देश का सबसे बड़ा घोटाला करार दिया। उन्होंने कहा कि यह सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने, देश की सुरक्षा को कमजोर करने, सरकारी कंपनी की अनदेखी कर पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने का दुखद वृतांत है। और तो और केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट तक में इस मामले में झूठ बोला। इसके लिए प्रधानमंत्री के साथ ही भाजपा को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस यूपीए सरकार ने 2016 में खुली अंतर्राष्ट्रीय बोली के अनुसार 126 राफेल लड़ाकू जहाजों में प्रत्येक जहाज का मूल्य 526.10 करोड़ तय किया था। इसके विपरीत मोदी सरकार ने 1670.70 करोड़ प्रति जहाज के हिसाब से सौदा किया है। इससे सरकारी खजाने को 41205 करोड़ का चूना लगा है।
उन्होंने सौदे की प्रक्रिया, कैग रिपोर्ट, ऑफसेट पार्टनर, सरकारी की बजाय निजी कंपनी को आफसेट कांट्रेक्ट, एचएएल व डसॉल्ट के बीच पूर्व में हुए समझौते, 126 के स्थान पर केवल 36 लड़ाकू जहाजों के सौदे समेत 11 बिंदुओं पर प्रधानमंत्री से जवाब मांगा। पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह, विधायक काजी निजामुद्दीन समेत अन्य कांगेस नेता मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: राफेल मुद्दे पर भाजपा ने किया राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन
यह भी पढ़ें: राफेल पर राहुल के बयान के विरोध में कांग्रेस भवन पहुंचे भाजपार्इ, बवाल
यह भी पढ़ें: चुनाव आते ही भाजपा को याद आने लगते हैं भगवान राम: हरीश रावत