दिव्यांगों को अधिकारियों से मिलने में नहीं होगी परेशानी
प्रदेश में दिव्यांगों को सरकारी भवनों में आवाजाही में होने वाली दिक्कत दूर करने में सरकार जुट गई है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: प्रदेश में दिव्यांगों को सरकारी भवनों में आवाजाही में होने वाली दिक्कत दूर करने में सरकार जुट गई है। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने भवनों में दिव्यांगों के अनुकूल व्यवस्था बनाने के लिए तमाम सरकारी महकमों को तेजी से कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पहले चरण में देहरादून के 26 सरकारी भवनों में इस व्यवस्था को अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।
जन सेवाओं से जुड़े महकमों में दिव्यांग जन बेहद मुश्किलों का सामना करने को मजबूर हैं। अधिकतर सरकारी भवनों में दिव्यांगों की सहूलियत के लिए रैंप व अन्य जरूरी व्यवस्थाएं नदारद हैं। इस मामले में हाईकोर्ट सरकार को सख्त हिदायत दे चुका है। इसके बाद हरकत में आई सरकार ने केंद्र सरकार के दर पर दस्तक देकर सरकारी भवनों में दिव्यांग अनुकूल व्यवस्था करने की मदद मांगी। केंद्र से मदद मिलने के बाद जिलेवार उक्त व्यवस्था के संबंध में कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।
शुक्रवार को मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने दिव्यांगजनों को सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों से मिलने में परेशानी दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने महकमेवार भवनों में दिव्यांगों के अनुकूल बनाई जा रही व्यवस्था की समीक्षा भी की। मुख्य सचिव ने बताया कि पहले चरण में देहरादून जिले में 26 सरकारी भवनों में दिव्यांगजनों को सहूलियत उपलब्ध कराई जाएगी। राज्य सरकार ने अन्य जिलों में भी ऐसी व्यवस्था के लिए केंद्र सरकार से मदद मांगी है। इस संबंध में केंद्र सरकार को आगणन भेजा गया है। केंद्र से धनराशि मिलते ही अन्य जिलों में भी तेजी से यह कार्य किया जाएगा। राज्य सरकार कोर्ट के निर्देशों के अनुसार तय समय के भीतर उक्त कार्य को करने में जुटी है।