सिंचाई विभाग की नहर के चेंबर में कई घंटे फंसी रही गाय, ऐसे किया रेस्क्यू
लक्कड़ घाट रोड पर सिंचाई विभाग की भूमिगत नहर के चेंबर में एक गाय फंस गई। ग्रामीणों ने चेंबर को काटकर गाय को सकुशल बाहर निकाला।
ऋषिकेश, जेएनएन। ग्राम सभा खदरी खड़क माफ के अंतर्गत लक्कड़ घाट रोड पर सिंचाई विभाग की भूमिगत नहर के चेंबर में एक गाय फंस गई। ग्रामीणों ने चेंबर को काटकर गाय को सकुशल बाहर निकाला। बता दें, यह नहर हादसों का सबब बनी हुई है।
साल 2012 में सिंचाई विभाग ने लक्ष्मण घाट चौराहे से आगे नहर को भूमिगत किया था। जिसमें नौ चेंबर लगाए गए थे। ग्राम प्रधान सरोप सिंह पुंडीर ने बताया कि लक्कड़ घाट रोड पर सिंचाई विभाग की भूमिगत नहर के चेंबर जगह-जगह से टूटे हुए हैं। लोगों ने अपने घरों का कचरा चेंबर में डाल दिया है, जिससे कई जगह निकासी रुक गई है।
मंगलवार की सुबह हुई बारिश के कारण नहर का पानी प्रगति पुरम गली नंबर चार में लोगों के घरों में घुस गया। इसी बीच वहां से गुजर रही एक गाय चेंबर में फंस गई। घंटों तक गाय चार फीट गहरी नहर के चेंबर में फंसी रही। ग्रामीणों ने कटर मशीन से चेंबर के सरियो को काटा और कड़ी मशक्कत के बाद गाय को बाहर निकाला। ग्राम प्रधान सरोप सिंह ने मंगलवार को तहसील दिवस में यह मामला उप जिलाधिकारी के समक्ष उठाते हुए इस भूमिगत नहर की सफाई के साथ इसके क्षतिग्रस्त चेंबर विभाग से ठीक कराने की मांग की।
यह भी पढ़ें: देहरादून में खड़े हैं कई गिरासू भवन, डीएम चिंतित; मांगी रिपोर्ट Dehradun News
यह भी पढ़ें: यहां अवैध होर्डिंग बन रहे हादसों का सबब, अंधड़ से आ गिरते हैं सड़क पर