विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 20, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Dehradun Crime News: देहरादून में दंपती पर धोखे से संपत्ति हड़पने का आरोप

By Sunil NegiEdited By:
Published: Wed, 20 Oct 2021 12:41 PM (IST)

देहरादून में धोखाधड़ी कर संपत्‍ति हड़पने का मामला सामने आया है। देहरादून निवासी एक बुजुर्ग ने हिमाचल के एक दंपती ...और पढ़ें

एक बुजुर्ग महिला ने हिमाचल प्रदेश के रहने वाले दंपती पर धोखे से संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया है।
एक बुजुर्ग महिला ने हिमाचल प्रदेश के रहने वाले दंपती पर धोखे से संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया है।

जागरण संवाददाता, देहरादून। एक बुजुर्ग महिला ने हिमाचल प्रदेश के रहने वाले दंपती पर धोखे से संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया है। शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपित दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दिए शिकायती पत्र में दून के कांवली रोड निवासी अनीता तिवारी ने बताया कि उन्होंने दिसंबर 2017 में लक्ष्मण चौक स्थित अपना मकान अपने रिश्तेदार हिमाचल प्रदेश निवासी सितेश कुमार को 37 लाख 98 हजार रुपये में बेचा था। सितेश ने उक्त धनराशि के भुगतान को उन्हें अलग-अलग तिथियों पर तीन चेक दिए, जो बैंक में जमा करने पर कैंसिल हो गए।

इसके बाद आरोपित उनके घर आया और दो-तीन दिन के अंदर पैसों का भुगतान करने की बात कहकर कैंसिल चेक भी ले गया। जनवरी 2018 को उन्हें पता चला कि आरोपित सितेश ने लक्ष्मण चौक स्थित उनके मकान को ध्वस्त कर दिया है। इसके बाद उन्होंने आरोपित से तुरंत पैसों के भुगतान को कहा तो वह टाल-मटोल करने लगा। उन्होंने सूचना के अधिकार के तहत बैंक से उक्त चेकों के रद होने के संबंध में जानकारी मांगी तो पता चला कि उक्त नंबर के चेक बैंक ने आरोपित को कभी जारी ही नहीं किए थे। जानकारी जुटाने पर पता चला कि उक्त चेक आरोपित की पत्नी अंजना के हैं, जिन्हें आरोपित ने अपने हस्ताक्षर कर बुजुर्ग महिला को दिए। बुजुर्ग महिला ने आरोप लगाया कि आरोपित सितेश व उसकी पत्नी अंजना ने मिलकर उनके साथ धोखाधड़ी की है।

पलटन बाजार में महिला के पर्स से नकदी व फोन चोरी

त्यौहारी सीजन में शहर में टप्पेबाजी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। पलटन बाजार में खरीदारी करने गई महिला का टप्पेबाज मोबाइल फोन व नकदी चोरी कर ले गया। शिकायतकर्ता बबीता गुलेरिया ने बताया कि वह अपने परिचित के साथ खरीदारी करने पलटन बाजार गई थी। वह तहसील चौक पर एक दुकान पर चूड़ि‍यां खरीदने लगी तो इसी दौरान अज्ञात ने उनके पर्स से मोबाइल व 15 हजार रुपये चोरी कर लिए। काफी समय तक मोबाइल आन था। बाद में आरोपित ने मोबाइल बंद कर दिया। एसएसआइ शहर कोतवाली लोकेंद्र बहुगुणा ने बताया कि आरोपित की तलाश की जा रही है।

दूसरी ओर डीआइजी जन्मेजय खंडूड़ी ने त्यौहारी सीजन को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट रहने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि त्यौहारी सीजन में टप्पेबाजी की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इसलिए चीता फोर्स को बाजार भ्रमण पर लगाया जाए, ताकि टप्पेबाजों पर नकेल कसी जाए।

यह भी पढ़ें:-Dehradun Crime News: 4500 की लूट में घायल हुए बुजुर्ग की मौत, आरोपित गिरफ्तार