दून की छह निकायों के मत पत्रों की गणना और मूल्यांकन शुरू
जनपद के छह निकायों के लिए 20 लाख मत पत्रों का मूल्यांकन और गणना का कार्य शुरू हो गया है। ताकि मतदान के लिए बूथवार मत पत्रों का समय पर आवंटन किया जा सके।
देहरादून, [जेएनएन]: जनपद के छह निकायों के लिए 20 लाख मत पत्रों का मूल्यांकन और गणना का कार्य शुरू हो गया है। गणना के दौरान सही मत पत्रों के बंडल बनाकर निर्वाचन व सहायक निर्वाचन अधिकारियों को सौंपे जाएंगे। ताकि मतदान के लिए बूथवार मत पत्रों का समय पर आवंटन किया जा सके।
नगर निगम देहरादून, ऋषिकेश के अलावा नगर पालिका डोईवाला, मसूरी, विकासनगर और हरबर्टपुर में करीब आठ लाख मतदाता हैं। इसके लिए आयोग ने 20 लाख मत पत्र प्रकाशित किए हैं। रेंजर्स कॉलेज में सार्वजनिक अवकाश के बावजूद निर्वाचन और सहायक निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में मत पत्रों की गणना एवं मूल्यांकन का कार्य किया गया।
छपाई में गड़बड़ी वाले मतपत्रों की छंटाई कर उन्हें अलग किया जाएगा ताकि मतदान के दौरान विवाद या फिर मत रद होने की स्थिति न बने। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी बीर सिंह बुदियाल ने बताया कि एक-एक मत पत्र का बारीकी से परीक्षण कर बंडल बनाए जा रहे हैं। इसके बाद बंडलों का बूथवार आवंटन किया जाएगा।
इस दौरान चुनाव से जुड़े कार्मिकों के सहयोग से महापौर, अध्यक्ष, पार्षद एवं वार्ड सदस्य पद के मत पत्रों की छंटाई की जा रही है। मतपत्रों की गणना के बाद इन मतपत्रों को सुरक्षा की दृष्टि से निर्वाचन अधिकारी और सहायक निर्वाचन अधिकारी के सुपुर्द किया जाएगा।
इन्होंने निभाई अहम भूमिका
मतपत्रों की गणना और मूल्यांकन कार्य में नगर निगम ऋषिकेश के आरओ एसएल सेमवाल, दून के अरविंद पांडेय, मसूरी की मीनाक्षी पटवाल, डोईवाला की कुसुम चौहान, विकासनगर और हरबर्टपुर के जितेंद्र कुमार ने सहयोग दिया है।
आज बांटी जाएगी चुनावी किट
प्रभारी अधिकारी लेखन सामग्री शिखर सक्सेना ने अवगत कराया कि पीठासीन अधिकारियों को दिए जाने वाले समस्त प्रपत्र एवं अन्य लेखन सामग्री के बस्ते तैयार हो गए हैं। नगर कर आयुक्त नगर निगम देहरादून एवं समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद आज केंद्रीय स्टोर रूम (नगर निगम देहरादून में नई बिल्डिंग के प्रथम तल पर) से प्राप्त कर सकते हैं। निकाय बूथों की संख्या के अनुसार तथा 20 प्रतिशत अतिरिक्त पीठासीन अधिकारियों को किट बैग दिए जाएंगे। किट बैग में सूची भी दी जाएगी ताकि सामग्री का मिलान हो सके।
यह भी पढ़ें: बागियों पर गिरी गाज, चार दर्जन नेता कांग्रेस पार्टी से निष्कासित
यह भी पढ़ें: भाजपा के खिलाफ कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन, फूंका पुतला
यह भी पढ़ें: चमोली जिपं सीट पर भाजपा को बड़ा झटका, कांग्रेस समर्थित रमावती बनीं अध्यक्ष