coronavirus: यहां कैदियों को पैरोल तो मिल गई, लेकिन घर की दूरी बन गई सलाखें; जानिए
coronavirus ने उनके लिए घर जाने के दरवाजे खोले लेकिन जेल से घर की दूरी उनकी आजादी के बीच में सलाखें बन गई है।
देहरादून, जेएनएन। coronavirus ने उनके लिए घर जाने के दरवाजे खोले लेकिन जेल से घर की दूरी उनकी आजादी के बीच में सलाखें बन गई है। यही कारण है कि पैरोल पाने वाले दूसरे प्रदेशों के 169 कैदियों में से तकरीबन 70 से अधिक कैदियों को रिहाई नहीं मिल पाएगी। पुलिस केवल उन्हीं कैदियों को छोड़ रही है, जिनके घर प्रदेश की सीमा से लगे जिलों के आसपास ही हैं। छोड़े गए सभी कैदियों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है और उनसे हर सप्ताह अपने नजदीकी थाने में हाजिरी लगाने को कहा गया है।
जेल प्रशासन ने कोरोना से बचाव के लिए कैदियों के बीच सुरक्षित शारीरिक दूरी बनाने के लिए कैदियों की रिहाई शुरू कर दी है। कुल 716 कैदियों को छोड़ा जाना है। पहले चरण में 610 कैदियों को छोड़ा जा रहा है। इनमें 441 कैदी उत्तराखंड और 169 दूसरे प्रदेशों के हैं। दूसरे प्रदेशों के सुदूरवर्ती इलाकों के कैदियों को छोड़ने के लिए अधिक वाहन और पुलिस बल जाएगा। इस कारण पुलिस ने ऐसे तकरीबन 70 कैदियों को छोड़ने का फैसला फिलहाल स्थगित कर दिया है। पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था अशोक कुमार ने कहा कि फिलहाल दूसरे प्रदेश के नजदीकी जिलों के कैदियों को रिहा किया जा रहा है।
रुद्रपुर में लॉकडाउन में लापरवाही पर उपनिरीक्षक और सिपाही सस्पेंड
लॉकडाउन में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सीमा पर तैनात उपनिरीक्षक और कांस्टेबल को लापरवाही में बुधवार को एसएसपी ने सस्पेंड कर दिया। दोनों को पुलिस लाइन से अटैच किया गया है। एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार रात उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश बॉर्डर रामपुर रोड पर एसपी सिटी देवेंद्र पिंचा बॉर्डर पर जांच कर रहे थे। इस दौरान कोतवाली के उप निरीक्षक संजीव कुमार व खटीमा में तैनात सिपाही कमल किशोर की लापरवाही सामने आई। दोनों को सस्पेंड कर दिया गया है।
किरायेदार को निकालने पर मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में किराया न देने पर परिवार समेत मकान से निकालने पर पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मूलरूप से जवाहर गंज, पोस्ट हाजीपुर खजुरिया बरेली, उत्तर प्रदेश निवासी देवेंद्र सिंह पिछले कुछ साल से गोल मढैया ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर में दुर्गा प्रसाद के मकान में किराए पर रहकर सिडकुल में काम करते हैं। 23 मार्च से लॉकडाउन होने पर वह घर नहीं जा सके। जेब खाली होने पर किराया भी नहीं दे सके। ऐसे में मकान मालिक ने उन्हें परिवार समेत घर से निकाल दिया।
लॉकडाउन उल्लंघन में भाजपा नेता पर मुकदमा
रुद्रपु में लॉकडाउन के उल्लंघन में पुलिस ने बुधवार को भाजपा नेता वेद ठुकराल पर केस दर्ज कर लिया। ठुकराल पर सोशल मीडिया में गलत टिप्पणी पोस्ट करने का आरोप है। इस मामले में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वेद ठुकराल ने बताया कि उन्होंने फेसबुक पर गलत पोस्ट नहीं किया था। कोरोना के प्रति लोगों को आगाह किया था। भविष्य में इसका ध्यान रखा जाएगा।