coronavirus: भगत सिंह कॉलोनी और कारगी ग्रांट लॉकडाउन, पांच तब्लीगी जमातियों में कोरोना की पुष्टि के बाद आदेश जारी
भगत सिंह कॉलोनी और बंजारावाला से सटे कारगी ग्रांट को जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से लॉकडाउन कर दिया है।
देहरादून, जेएनएन। घनी आबादी वाले डालनवाला से सटी भगत सिंह कॉलोनी और बंजारावाला से सटे कारगी ग्रांट को जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से लॉकडाउन कर दिया है। यहां मरकज से लौटे तब्लीगी जमात के पांच लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव की तरफ से जारी आदेश में अग्रिम आदेश तक दोनों क्षेत्र के लोग संबंधित क्षेत्र से बाहर नहीं आ पाएंगे। हालांकि, आवश्यक सेवा के प्रतिष्ठान और लोग इस प्रतिबंध से बाहर रहेंगे।
भगत सिंह कॉलोनी व कारगी ग्रांट क्षेत्र में सीधे तौर पर 20 हजार के करीब लोग रहते हैं। इसके अलावा दोनों क्षेत्र से सटी आबादी को मिला दिया जाए तो यह 50 हजार से अधिक लोगों की सुरक्षा का सवाल है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने दोनों क्षेत्र को लॉकडाउन करने का कदम उठाया। जिलाधिकारी डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि पांच लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद इस आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता कि यह आसपास के क्षेत्रों में भी फैल सकता है।
कोरोना के संक्रमण को दूसरे क्षेत्र में फैलने से तभी रोका जा सकता है, जब यहां के लोग अन्य क्षेत्रों में न जाएं। इस दौरान नगर निगम क्षेत्र में सैनिटाइजेशन करता रहेगा और लोगों को घरों के भीतर ही रहने के लिए मुनादी भी कराई जाएगी। उन लोगों को क्वारंटाइन रहने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा, जो संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आए हों।
पुलिस करेगी बेरिकेडिंग
दोनों क्षेत्र में लॉकडाउन का पालन कराने की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है। ताकि पुलिस क्षेत्र के सभी मार्गों पर बेरिकेडिंग लगा सके और कोई भी व्यक्ति यहां से बाहर दूसरे क्षेत्रों में न जाने पाए।
यह भी पढ़ें: coronavirus: उत्तराखंड में छह और जमाती कोरोना पॉजिटिव, 22 पहुंचा आंकड़ा
आपूर्ति और चिकित्सा विभाग देगा सेवाएं
लॉकडाउन के आदेश के बाद जिलाधिकारी ने भगत सिंह कॉलोनी व कारगी ग्रांट क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित कराने का जिम्मा जिला पूर्ति अधिकारी को सौंपा है। वहीं, स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी मुख्य चिकित्साधिकारी को दी गई है।