Coronavirus: रुड़की सिविल अस्पताल में सात अगस्त तक लेबर रुम व महिला ओपीडी रहेगी बंद, पढ़िए पूरी खबर
Coronavirusरुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती एक और गर्भवती महिला कोरोना संक्रमित आई है। अस्पताल प्रशासन ने लेबर रूम और महिला ओपीडी को शुक्रवार तक के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया है
रुड़की (हरिद्वार), जेएनएन। Coronavirus रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती एक और गर्भवती महिला कोरोना संक्रमित आई है। इससे पहले तीन गर्भवती महिलाएं कोरोना संक्रमित आ चुकी हैं। जिनका उपचार सिविल अस्पताल में चल रहा है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने फिलहाल लेबर रूम और महिला ओपीडी को शुक्रवार तक के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया है। वहीं दो महिला चिकित्सक व तीन स्टाफ नर्स को होम क्वारंटाइन किया गया है।
सिविल अस्पताल रुड़की में दो अगस्त को तीन गर्भवती महिलाएं कोरोना संक्रमित आई थी। इनकी डिलीवरी हो चुकी है। फिलहाल यह तीनों अस्पताल के एक अलग कमरे में भर्ती हैं। मंगलवार को फिर एक और गर्भवती महिला कोरोना संक्रमित आ गई है। महिला मंगलौर की रहने वाली है। प्रसव पीड़ा होने पर सोमवार शाम को महिला को अस्पताल गया था। महिला की कोविड-19 की जांच की गई थी। महिला की डिलीवरी के बाद जांच कोरोना पॉजिटिव आई है। महिला और उसके बच्चे को उसकी कमरे में शिफ्ट कर दिया गया है। जिसमें तीन कोरोना संक्रमित महिलाएं भर्ती है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय कंसल ने बताया कि अस्पताल में चार कोविड-19 के केस आ जाने के चलते लेबर रूम व महिला ओपीडी को तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है। डिलीवरी कराने वाली दो महिला चिकित्सक व तीन स्टाफ नर्स को होम क्वारंटाइन किया गया है। उनके सैंपल लेकर कोविड-19 की जांच कराई जा रही है। अस्पताल में सेनिटाइजेशन कार्य जारी है।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: एम्स ऋषिकेश में पांच लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट आई पॉजिटिव
21 और हुए कोरोना संक्रमित
रुड़की: कोरोना संक्रमण का प्रकोप रुकने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। सोमवार देर शाम पांच और मंगलवार दोपहर को कोरोना संक्रमण के 16 नये सामने सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग सभी 21 संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर और मेला अस्पताल आदि भेज रहा है। वहीं संक्रमितों के प्राइमरी कांटेक्ट को चिह्नित किया जा रहा है।
सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय कंसल ने बताया कि मंगलवार को 16 केस आए हैं। इनमें पुरानी तहसील, शीलकुंज, मानक चौक मंगलौर, अशोक नगर रुड़की, साउथ सिविल लाइंस, आदर्श शिवाजी नगर, आएसपीएल कालोनी इकबालपुर, तेलीवाला कलियर, झबरेड़ा आदि जगहों से यह केस आए हैं।
यह भी पढ़ें: डीएवी पीजी कॉलेज में स्नातक की 3815 सीटों के लिए दाखिले शुरू, ऑनलाइन होगा एडमिशन