Coronavirus: काठगोदाम के यात्री होम, तो दिल्ली के यात्री किये गए संस्थागत क्वारंटाइन
मंगलवार को देहरादून पहुंची काठगोदाम-देहरादून जनशताब्दी एक्सप्रेस के यात्रियों को प्रशासन ने होम क्वारंटाइन में रहने के निर्देश दिए हैं।
देहरादून, जेएनएन। काठगोदाम से मंगलवार को देहरादून पहुंची काठगोदाम-देहरादून जनशताब्दी एक्सप्रेस के यात्रियों को प्रशासन ने होम क्वारंटाइन में रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं, नई दिल्ली-देहरादून जनशताब्दी एक्सप्रेस के यात्रियों को संस्थागत क्वरांटाइन किया गया है। सुबह पांच बजे देहरादून-नई दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस में 435 और दोपहर 3:30 बजे देहरादून-काठगोदाम जनशताब्दी एक्सप्रेस में 370 यात्री देहरादून से रवाना हुए।
काठगोदाम से आए 158 यात्री
काठगोदाम-देहरादून जनशताब्दी एक्सप्रेस में 158 यात्री देहरादून पहुंचे। ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचने पर एक-एक कर डिब्बों से यात्री उतारे गए। स्टेशन के मुख्यद्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग करने के बाद उन्हें बाहर जाने दिया गया। व्यवस्था की निगरानी के लिए स्टेशन पर मौजूद सीओ सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि स्टेशन के बाहर टैक्सी स्टैंड पर प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी यात्रियों के नाम, पता और मोबाइल नंबर नोट किया। इसके बाद सभी यात्रियों को होम क्वारंटाइन में रहने का निर्देश देकर घर भेज दिया गया।
यात्रियों को घर पहुंचाने के लिए प्रशासन ने रेलवे स्टेशन से चार रूटों के लिए सिटी बस चलाईं। जिनमें रिस्पना पुल, आइएसबीटी, प्रेमनगर और जाखन जाने वाले यात्रियों को छोड़ा गया। टैक्सियों की भी व्यवस्था थी। दिल्ली से आए 330 लोग: नई दिल्ली-देहरादून जनशताब्दी एक्सप्रेस रात 9:10 बजे देहरादून पहुंची। इसमें 330 यात्री आए। इन यात्रियों को संस्थागत क्वारंटाइन किया गया है।
ट्रेन चली तो लौटे आइटीबीपी के जवान
देहरादून से काठगोदाम के बीच ट्रेन का संचालन शुरू होने के साथ आइटीबीपी के जवान भी वापस लौटने लगे हैं। मंगलवार को काठगोदाम-देहरादून जन शताब्दी एक्सप्रेस से आइटीबीपी के कई जवान वापस लौटे। हल्द्वानी निवासी देवेंद्र सिंह ने बताया कि वह आइटीबीपी मसूरी में तैनात है। मार्च में एक महीने की छुट्टी लेकर गए थे।इसके बाद पब्लिक ट्रांसपोर्ट न होने के कारण ड्यूटी पर वापस नहीं आ पा रहे थे।