Coronavirus: सोशल मीडिया पर कोरोना के चलते बाजार बंद की अफवाह पर मुकदमा दर्ज
सोशल मीडिया पर कोरोना के चलते बाजार बंद होने की अफवाह फैलाने वाले के खिलाफ कैंट कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को मुकदमा दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
देहरादून, जेएनएन। सोशल मीडिया पर कोरोना के चलते बाजार बंद होने की अफवाह फैलाने वाले के खिलाफ कैंट कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को मुकदमा दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से सख्त चेतावनी के बाद उसे जमानत मिल गई।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक मैसेज प्रसारित हुआ था कि कोरोना को देखते हुए बाजार दस दिनों के लिए बंद हो रहे हैं। इस मैसेज के प्रसारित होने के बाद हड़कंप मच गया था। मंगलवार शाम को लोग शापिंग मॉल व सुपर मार्केट में उमड़ पड़े और खरीदारी करने लगे। वहीं बुधवार की सुबह निरंजनपुर मंडी में बड़ी संख्या में लोग सब्जी आदि की खरीदारी करने लगे। इसका पता चलने पर पुलिस ने उस मैसेज की पड़ताल की तो पता चला कि उसे देव आशीष निवासी आमबाग, गढ़ी कैंट ने प्रसारित किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए गुरुवार को कोर्ट में पेश कर दिया। यहां से उसे जमानत मिल गई। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि देव आशीष के इस कृत्य से हड़कंप की स्थिति रही।
समय से पता चल जाने के कारण स्थिति को संभाल लिया गया। उन्होंने लोगों को चेतावनी भी दी है कि किसी तरह के ऐसे मैसेज प्रसारित न करें, जिससे लोगों में हड़कंप मचे। आम नागरिकों से भी उन्होंने अपील की है कि किसी तरह की अफवाह पर यकीन न करें। शांति बनाए रखें।
सुपर मार्केट में पर्याप्त सामान, न करें हड़बड़ी
दून के तमाम बाजारों और सुपरमार्केट में ग्रॉसरी यानी घर के दैनिक आवश्यकता के सामान की कोई कमी नहीं है। सभी जगह खाद्य पदार्थो की आपूर्ति सुचारू है। लोगों को हड़बड़ी करने की कोई आवश्यकता नहीं है। वहीं, शहर के तमाम सुपरमार्केट के प्रवेश द्वार पर सेनिटाइजर की व्यवस्था के साथ ही एक बार में अधिकतम 50 लोगों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। जिला प्रशासन ने भी सभी सुपर मार्केट संचालकों को स्वच्छता के पर्याप्त इंतजाम करने और अधिक भीड़ एकत्रित न होने देने के भी निर्देश दिए हैं। साथ ही जिलाधिकारी ने सुपर मार्केट में ग्रॉसरी को छोड़ अन्य डिपार्टमेंट को बंद करा दिया है। ताकि जरूरत के सामान के अलावा अन्य सामान के लिए लोगों की भीड़ न लगे।
- रिलायंस मार्केट: निरंजनपुर मंडी के निकट स्थित रिलायंस मॉल में खाद्य सामग्री की उपलब्धता पर्याप्त है। स्टोर में सामान खत्म होते ही गोदाम से सामान पहुंचाया जा रहा है। हालांकि, इन दिनों ग्रॉसरी आइटम की खरीदारी अधिक हो रही है। इसके अलावा अन्य डिपार्टमेंट बंद कर दिए गए हैं। गेट पर सभी ग्राहकों को सेनिटाइजर मुहैया कराया जा रहा है। एक बार में अधिकतम 50 लोगों को ही अंदर प्रवेश दिया जा रहा है।
- सुविधा स्टोर: सहारनपुर रोड स्थित सुविधा स्टोर में गेट पर नोटिस चस्पा है कि आवश्यक सामग्री ही बेची जा रही है। जिसमें राशन व सब्जी आदि शामिल हैं। इसके अलावा स्टोर के मुख्य द्वार पर सेनिटाइजर उपलब्ध है। कम ही लोगों को एक बार में अंदर प्रवेश मिल रहा है।
- बिग बाजार: आइएसबीटी स्थित बिग बाजार में आटा-चावल, दाल-तेल आदि का पर्याप्त स्टॉक है। किसी प्रकार की कोई किल्लत नहीं है। यहां भी अधिक भीड़ न हो इसका पूरा खयाल रखा जा रहा है। साथ ही प्रवेश के दौरान सेनिटाइजेशन की व्यवस्था है।
- ईजी डे: सहारनपुर के निकट स्थित ईजी डे में स्थिति सामान्य है। सब्जी का भी ताजा स्टॉक पहुंच रहा है। राशन भी उपलब्ध है। लोगों को सेनिटाइजर के प्रयोग के बाद ही भीतर प्रवेश दिया जा रहा है।
दून के सभी मॉल आज से बंद
शासन का आदेश प्राप्त होने के बाद प्रशासन ने सभी मॉल को आज से 31 मार्च तक के लिए बंद करा दिया है। पैसिफिक मॉल, क्रॉस रोड मॉल समेत सभी मॉल को डीएम की ओर से भेजा गया ऑर्डर प्राप्त हो गया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण के दृष्टिगत सभी शॉपिंग मॉल 31 मार्च तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।