पेड़ काटने पर कांग्रेसियों का डीएफओ दफ्तर पर प्रदर्शन Dehradun News
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राजपुर रोड किशनपुर चुंगी के पास लीची के पेड़ काटने के विरोध में डीएफओ दफ्तर पर प्रदर्शन किया।
देहरादून, जेएनएन। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राजपुर रोड किशनपुर चुंगी के पास लीची के पेड़ काटने के विरोध में डीएफओ दफ्तर पर प्रदर्शन किया। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश सचिव विनोद सिंह चौहान के नेतृत्व में कमेटी के सदस्य गुरुवार को डीएफओ देहरादून के दफ्तर पहुंचे। जहां उन्होंने वन विभाग के कर्मचारियों पर भू- माफिया के साथ मिलकर लीची के पेड़ कटवाने का आरोप लगाया। वहीं कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
डीएफओ राजीव धीमान ने बताया कि मामला मसूरी डिविजन का है। बाद में रायपुर रेंजर सुभाष वर्मा से फोन के माध्यम से शिकायत की गई। वर्मा ने बताया कि किशन पुर चुंगी पर कटे दो लीची के पेड़ निजी जमीन पर लगे थे। दोनों पेड़ों को काटने के लिए जमीन के मालिकों ने अनुमति भी ले रखी थी। विरोध जताने वालों में उर्मिला, पायल बहल, राहुल, प्रमोद, नरेंद्र, भूपेंद्र सिंह नेगी, मुकेश, कृष्ण रावत, कुसुम, राज शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
भारत बचाओ रैली के लिए कांग्रेसियों ने कसी कमर
नई दिल्ली में 14 दिसंबर को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में भारत बचाओ रैली निकाली जाएगी। जिसकी तैयारी को लेकर दून में पूर्व विधायक राजकुमार की अध्यक्षता में कांग्रेसियों की बैठक आयोजित की गई।
पूर्व विधायक राजपुर के कैंप कार्यालय न्यू रोड में आयोजित बैठक में रैली में प्रतिभाग करने वाले कांग्रेसजनों की व्यवस्था आदि पर विचार-विमर्श किया गया। पूर्व विधायक राजकुमार ने आरोप लगाए कि भारतीय जनता पार्टी के राज में पूरे देश की जनता त्रस्त हो चुकी है। देश में अराजकता का माहौल व्याप्त है। विशेषकर महिलाएं अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। देश की अर्थ व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी का आलम यह है कि जिन युवाओं के पास नोटबंदी से पहले रोजगार था आज व भी बेरोजगार हो चुके हैं। मंदी के मारे लोगों के व्यापार ठप हो चुके हैं। किसान आत्महत्या को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 14 दिसंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में ऐतिहासिक रैली होगी। कहा कि प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन दिल्ली कूच करेंगे।
यह भी पढ़ें: नागरिकता संशोधन विधेयक के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन Dehradun News
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, डॉ. बिजेंद्र पाल सिंह, निखिल कुमार, देविका रानी, प्रकाश नेगी, सोम वाल्मीकि, नींनु सहगल, अर्जुन सोनकर, मुकेश सोनकर, उमेश कुमार,अनिल नेगी, नीरज नेगी, नरेंद्र राणा, सुरेंद्र गुप्ता, मीना बिष्ट, भूपेंद्र सहित अन्य पार्षद उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: समानता मंच ने किया आरक्षण अवधि बढ़ाने का विरोध, डीएम को सौंपा ज्ञापन Dehradun News