कांग्रेस का हमला: महंगाई में गरीब के घर चूल्हे नहीं जल रहे, पीएम मोदी के जन्मदिन पर जलाए जाएंगे दीपक
कांग्रेस ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर दीपक जलाने को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा, कहा कि महंगाई में गरीबों की चिंता नहीं।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा सरकार की ओर से दीपक जलाने को लेकर किए जा रहे प्रचार पर कटाक्ष किया है।
उन्होंने कहा कि महंगाई के दौर में गरीब और निर्धन परिवारों के घर चूल्हा जले या नहीं, इसकी चिंता सरकार को नहीं है, लेकिन प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर हजारों लीटर तेल से लाखों दीपक जलाने की होड़ मची हुई है।
अग्निवीरों के भविष्य को लेकर सवाल
गुरुवार को राजपुर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में गणेश गोदियाल ने केंद्र और राज्य सरकार से अग्निपथ योजना के तहत भर्ती अग्निवीरों के भविष्य को लेकर सवाल किया।
उन्होंने कहा कि इसी माह अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए अग्निवीर अपनी चार वर्ष की सेवा पूरी कर वापस लौट रहे हैं। ऐसे में सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि इन युवाओं के रोजगार और भविष्य के लिए क्या प्रबंध किए गए हैं।
कांग्रेस चुनाव प्रचार अभियान समिति के चेयरमैन विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि अग्निपथ योजना के कारण युवाओं में सेना में भर्ती होने का क्रेज कम हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि योजना के तहत केवल 25 प्रतिशत युवाओं को ही सेना में दोबारा नौकरी का अवसर मिलेगा तो शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों का क्या होगा। सरकार को इन युवाओं के रोजगार की ठोस व्यवस्था करनी चाहिए।
कांग्रेस चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने अग्निपथ योजना को देश के युवाओं के साथ बड़ा धोखा बताया। उन्होंने कहा कि उनकी चार पीढ़ियां सेना से जुड़ी रही हैं, इसलिए वह सैनिक और उसके परिवार के दर्द को समझते हैं। उत्तराखंड के सैकड़ों वीर सपूतों ने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है।
हरक सिंह रावत ने कहा कि आज उत्तराखंड के युवाओं को अग्निवीर योजना में भर्ती होने के बाद सामाजिक और पारिवारिक स्तर पर भी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। गांवों में ऐसे अनेक उदाहरण सामने आ रहे हैं, जहां अग्निवीर युवाओं से अपनी बेटियों का विवाह करने को लेकर परिवार हिचकिचा रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मांग की कि अग्निपथ योजना को जल्द समाप्त कर पुरानी व्यवस्था के तहत सेना भर्ती शुरू की जाए। पत्रकार वार्ता में महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला और कर्नल राम रतन नेगी भी उपस्थित रहे।
