Move to Jagran APP

मुनिकीरेती: कांग्रेस से व्यास बने प्रत्याशी, भाजपा ने नहीं खोले पत्ते

जागरण संवाददाता, ऋषिकेश: नगर पालिका परिषद ढालवाला-मुनिकीरेती में अध्यक्ष पद के लिए कांग्रे

By JagranEdited By: Published: Sun, 21 Oct 2018 09:38 PM (IST)Updated: Sun, 21 Oct 2018 09:38 PM (IST)
मुनिकीरेती: कांग्रेस से व्यास बने प्रत्याशी, भाजपा ने नहीं खोले पत्ते
मुनिकीरेती: कांग्रेस से व्यास बने प्रत्याशी, भाजपा ने नहीं खोले पत्ते

जागरण संवाददाता, ऋषिकेश: नगर पालिका परिषद ढालवाला-मुनिकीरेती में अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस ने दिनेश व्यास को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। जबकि भाजपा ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। ढालवाला ग्राम पंचायत को नगर मुनिरकीरेती निकाय में शामिल किए जाने के बाद इस निकाय का यह पहला चुनाव है।

loksabha election banner

टिहरी जनपद में आबादी के लिहाज से सबसे बड़ी ग्राम पंचायत ढालवाला अब नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती का हिस्सा हो चुकी है। निकाय के विस्तार के बाद इस निकाय में यह पहला चुनाव होने जा रहा है। 28 हजार 636 आबादी व 11 वार्ड वाली नगर पालिका परिषद ढालवाला-मुनिकीरेती में कुल 18 हजार 292 मतदाता इस बार प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। मुनिकीरेती निकाय में 9750 पुरुष व 8543 महिला मतदाता हैं। मुनिकीरेती निकाय में ढालवाला व चौदह बीघा का क्षेत्र जुड़ने के बाद यहां राजनैतिक तौर पर पूरे समीकरण बदल चुके हैं। इस निकाय पर भाजपा व कांग्रेस दोनों दलों में दावेदारों की लंबी फेहरिस्त के कारण दोनों दलों में टिकट बंटवारे को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हालांकि रविवार को कांग्रेस ने अध्यक्ष पद के लिए दिनेश व्यास के नाम पर अंतिम मोहर लगा दी। कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए करीब आधा दर्जन से अधिक लोगों ने अपनी दावेदारी पेश की थी। उधर, भाजपा ने प्रदेश भर में अधिकांश निकायों पर महापौर व अध्यक्ष प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। जबकि बावजूद इसके नगर पालिका परिषद ढालवाला-मुनिकीरेती पर अभी तक भाजपा ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। सूत्रों की मानें तो भाजपा में अध्यक्ष पद के लिए दावेदारों की सूची में एक दर्जन से भी अधिक लोग शामिल थे, जिनमें से फिलहाल चार नामों पर पार्टी में मंथन जारी है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा पर पार्टी में बगावत भी हो सकती है, यही वजह है कि पार्टी संगठन इस सीट पर फूंक-फूंक कर कदम रखने जा रहा है।

स्वर्गाश्रम: भाजपा ने मनीष व कांग्रेस ने माधव पर खेला दांव

नगर पंचातय जौंक-स्वर्गाश्रम में भाजपा ने मनीष राजपूत पर जबकि कांग्रेस ने माधव अग्रवाल पर दांव खेला है। नगर पंचायत बनने के बाद जौंक स्वर्गाश्रम का यह दूसरा चुनाव है। इससे पहले निकाय चुनाव में यहां अध्यक्ष पद महिला आरक्षित था, तब भाजपा की शकुंतला राजपूत ने यहां जीत दर्ज की थी। अब दूसरे चुनाव में सामान्य सीट पर भाजपा ने पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला राजपूत के पुत्र मनीष राजपूत पर भरोसा जताया है। वहीं कांग्रेस ने माधव अग्रवाल को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। खास बात यह है कि भाजपा व कांग्रेस दोनों दलों ने युवा चेहरों को मैदान में उतारा है। भाजपा की ओर से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद कुछ दावेदारों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। भाजपा से टिकट के लिए दावेदारी करने वाले जौंक ग्रामसभा के पूर्व प्रधान मनोज राजपूत ने पार्टी की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने कहा कि वह संगठन में बिना किसी पद के लालच के हमेशा बने रहे, मगर अब उनके लिए पार्टी की सेवा कर पाना संभव नहीं है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.