Move to Jagran APP

गैरसैंण पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के बयान से सियासी उबाल

गैरसैंण में अव्यवस्था के नाम पर विधानसभा सत्र आयोजित किए जाने का विरोध करते हुए भट्ट ने कहा कि ऐसा किसी राज्य में नहीं होता कि सरकार सत्र के नाम पर सबको खाना खिलाए।

By Edited By: Published: Sat, 24 Nov 2018 03:00 AM (IST)Updated: Sat, 24 Nov 2018 09:44 AM (IST)
गैरसैंण पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के बयान से सियासी उबाल
गैरसैंण पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के बयान से सियासी उबाल

देहरादून, राज्य ब्यूरो। निकाय चुनाव निबटने के तुरंत बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के गैरसैंण पर दिए गए बयान ने सियासत में उबाल ला दिया है। गैरसैंण में अव्यवस्था के नाम पर विधानसभा सत्र आयोजित किए जाने का विरोध करते हुए भट्ट ने कहा कि ऐसा किसी राज्य में नहीं होता कि सरकार सत्र के नाम पर सबको खाना खिलाए। 

loksabha election banner

कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान को लपकते हुए उन्हें कठघरे में खड़ा कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि इससे भाजपा का दोहरा चरित्र सामने आ गया है। उसकी कथनी व करनी में भारी अंतर है और अब वह गैरसैंण को लेकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। 

उत्तराखंड आंदोलन की भावनाओं का केंद्र रहे गैरसैंण को लेकर दोनों ही राष्ट्रीय दल अब तक सियासी रोटियां सेंकते आए हैं। यही कारण है कि गैरसैंण राजधानी के सवाल पर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही कन्नी काटते आए हैं। किसी ने भी गैरसैंण पर अपना स्पष्ट नजरिया नहीं रखा। 

यह बात अलग है कि गैरसैंण में अब तक दोनों दलों की सरकारों ने विधानसभा सत्र जरूर कराए हैं, मगर इनके जरिये भी सियासी नफा-नुकसान अधिक देखा गया। हालांकि, विस चुनाव के दौरान भाजपा ने गैरसैंण को शीतकालीन राजधानी बनाने का प्रयास करने का वादा जरूर किया। 

अब जबकि निकाय चुनाव निबट चुके हैं और चार दिसंबर से देहरादून में विस सत्र का ऐलान हो चुका है। इससे ठीक पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के गैरसैंण को लेकर दिए गए बयान ने सियासी गलियारों में उबाल ला दिया है। 

सोशल मीडिया पर भी उनका वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह यह कह रहे हैं कि अच्छा किया कि सरकार ने इस बार गैरसैंण में सत्र नहीं बुलाया। पुख्ता व्यवस्थाएं होने के बाद ही वहां जाना उचित रहेगा। प्रदेश अध्यक्ष भट्ट यही नहीं रुके और बोले, 'ये ठीक नहीं कि सबको सरकार खाना खिलाए, बेवजह का खर्च हो। अनावश्यक तरीके से लोग परेशान हों। कर्मचारी परेशानी में रहें।' 

उन्होंने कहा कि हमने यही कहा है कि गैरसैंण को हम उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने का प्रयास करेंगे। इस कड़ी में व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं। पानी की व्यवस्था को झील बन रही है। रहने को इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार हो रहा है। हम चाहते हैं कि सभी व्यवस्थाएं होने के बाद गैरसैंण में सत्र अच्छे ढंग से चले। 

दूसरी तरफ, अचानक मिले इस मुद्दे को लपकने में कांग्रेस ने कोई देरी नहीं की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने इस पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि भाजपा की कथनी व करनी में अंतर है। हाथी के दांत खाने के कुछ और दिखाने के कुछ और हैं। 

उन्होंने कहा कि गैरसैंण को लेकर कांग्रेस का सदैव सकारात्मक रुख रहा है। आंदोलनकारियों व जनभावनाओं को देखते हुए कांग्रेस ने वहां दो बार विस सत्र आहूत किए और इन्फ्रा खड़ा किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के पास भारी जनादेश है। 

इसके बावजूद गैरसैंण के मामले में सरकार मौन है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष रहते हुए वह गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने पर जोर देते रहे। अब वे जनता को गुमराह कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: चुनाव परिणाम को देख अब ईवीएम पर सवाल नहीं उठा सकती कांग्रेसः भसीन

यह भी पढ़ें: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने जिलाध्यक्षों से तलब किया चुनाव जीतने वाले निर्दलियों का ब्योरा

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र चार दिसंबर से होगा शुरू


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.