महाराज की ट्रेवल हिस्ट्री छिपाना गलत: कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सरकार पर काबीना मंत्री सतपाल महाराज की ट्रेवल हिस्ट्री छिपाने का आरोप लगाया।
राज्य ब्यूरो, देहरादून
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सरकार पर काबीना मंत्री सतपाल महाराज की ट्रेवल हिस्ट्री छिपाने का आरोप लगाया। वहीं नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने कहा कि भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान के बयान से उन्हें भारी आघात पहुंचा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि मंत्री की ट्रेवल हिस्ट्री छिपाने की बात सामने आना गंभीर बात है। साथ ही यह प्रशासन और जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि इस महामारी के खिलाफ जंग में हर व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है कि वह अपनी यात्रा विवरण पारदर्शिता के साथ प्रशासन को उपलब्ध कराए। कोरोना जैसी महामारी में नियम कानून सभी लोगों के लिए एक समान होने चाहिए।
उधर, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने भाजपा प्रदेश प्रवक्ता व विधायक मुन्ना सिंह चौहान पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस संकट काल में कांग्रेस व कांग्रेस से जुड़ी स्वयंसेवी संस्थाएं गरीब जनता की मदद कर रही हैं। चौहान ने उन पर सवाल उठाकर गहरी ठेस पहुंचाई है। उन्होंने चौहान के बयान की निंदा की। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि सफाई कर्मचारियों व निम्न वेतन पा रहे कर्मचारियों के वेतन में कटौती न की जाए। विभिन्न विभागों में कार्यरत उपनल कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त नहीं की जानी चाहिए।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह ने सरकार पर कोरोना के खिलाफ लड़ाई में विफल रहने का आरोप लगाया। एक बयान में उन्होंने कहा कि क्वारंटाइन केंद्रों में लोगों की मौत दर्दनाक है।