डेंगू का आतंक बढ़ने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का सीएम पर निशाना
डेंगू का आतंक बढ़ने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूरा स्वास्थ्य मंत्रालय भगवान भरोसे चल रहा है।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। डेंगू का आतंक बढ़ने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश डेंगू की चपेट में है और स्वास्थ्य मंत्रालय भगवान भरोसे चल रहा है। बेहतर होता कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य मंत्रालय पर कृपा दृष्टि बनाए रखते।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मीडिया से बातचीत में प्रीतम सिंह ने कहा कि राज्य के अधिकाश क्षेत्रों में डेंगू का प्रकोप है। हर दिन डेंगू के नए मामले सामने आ रहे हैं। इसके बावजूद राज्य सरकार इसकी रोकथाम के लिए कारगर कदम नहीं उठा पाई है।
उन्होंने कहा कि राजधानी देहरादून में लगभग सभी अस्पतालों में बड़ी संख्या में डेंगू के मरीज भर्ती हो रहे हैं। राज्य के प्रमुख सरकारी चिकित्सालयों में पैथोलॉजी की मशीन खराब पड़ी हुई हैं। मरीजों की संख्या के हिसाब से चिकित्सालय में चिकित्सक, चिकित्सकीय स्टॉफ एवं दवाओं की कोई व्यवस्था नहीं है।
यह भी पढ़ें: कैबिनेट फैसले पर भाजपा विधायक ने उठाए सवाल, सीएम को सौंपा ज्ञापन
उन्होंने आरोप लगाया कि डेंगू के मरीजों को चिकित्सालय से न तो प्लेटलेट्स ही उपलब्ध हो रहे हैं और न ही दवाई उपलब्ध हो पा रही हैं। ब्लड टेस्ट, सिटी स्कैन, एमआरआई, अल्ट्रासाउंड के दाम काफी बढ़ा दिए गए हैं। राज्य सरकार की अटल आयुष्मान योजना का सच भी लोगों के सामने आ चुका है। योजना शोपीस बनकर रह गई है। इस योजना के कार्डधारक गरीब लोगों का उपचार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सरकार से डेंगू के उपचार और रोकथाम में गंभीरता से कदम उठाने की मांग की।
यह भी पढ़ें: स्टिंग पर बोले हरीश रावत, न्यायपालिका पर भरोसा; मैं हूं कांग्रेस की बालिका वधु