उत्तराखंड के पहले माइग्रेटरी बर्ड कम्युनिटी रिजर्व को हरी झंडी
कम्युनिटी रिजर्व की अवधारणा को धरातल पर उतारने की दिशा में उत्तराखंड ने कदम बढ़ा दिए हैं।
राज्य ब्यूरो, देहरादून:
कम्युनिटी रिजर्व की अवधारणा को धरातल पर उतारने की दिशा में उत्तराखंड ने कदम बढ़ा दिए हैं। ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर क्षेत्र में राज्य के पहले माइग्रेटरी बर्ड कम्युनिटी रिजर्व की स्थापना के लिए शासन ने सैद्धांतिक सहमति दे दी है। अब वन महकमा इस रिजर्व के लिए सामुदायिक और निजी भूमि का चयन करेगा। फिर वहां प्रवासी परिदों के लिए जलाशय तैयार किए जाएंगे। इस पहल से जहां रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, वहीं जल संरक्षण की मुहिम को भी गति मिलेगी।
71.05 फीसद वन भूभाग वाले उत्तराखंड में वर्तमान में छह राष्ट्रीय उद्यान, सात अभयारण्य और चार कंजर्वेशन रिजर्व हैं। ये सभी सैलानियों के आकर्षण का केंद्र हैं। अब कम्युनिटी रिजर्व बनाने के क्रम में वन विभाग की ओर से हाल में माइग्रेटरी बर्ड कम्युनिटी रिजर्व का प्रस्ताव शासन को भेजा गया। इसमें कहा गया कि जिला पंचायत ऊधमसिंह नगर के अलावा कुछ स्थानीय निवासियों ने इसमें रुचि दिखाई है।
सभी पहलुओं पर मंथन के बाद प्रमुख सचिव वन आनंद बर्द्धन ने रिजर्व के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति जारी कर दी। वन विभाग के मुखिया प्रमुख मुख्य वन संरक्षक जय राज के अनुसार इस रिजर्व के लिए रुद्रपुर में अब जल्द ही भूमि का चयन किया जाएगा और फिर वहां प्रवासी पक्षियों के लिए जलाशय का निर्माण कराने के साथ ही पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी।