सुबह-शाम होने लगा ठंडक का अहसास, दिन में चिलचिलाती गर्मी बरकरार
सुबह-शाम ठंडक का अहसास होने से सर्दियों के मौसम का आगाज हो रहा है। भले ही अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ हो लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट आने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों के भीतर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के आसार हैं।
जागरण संवाददाता, देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम शुष्क है। चटख धूप खिल रही है और दिन में चिलचिलाती गर्मी बरकरार है। हालांकि, सुबह-शाम ठंडक का अहसास होने लगा है। जिससे सर्दियों के मौसम का आगाज हो रहा है। भले ही अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ हो, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट आने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों के भीतर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के आसार हैं। जिसके बाद पारे में तेजी से गिरावट आ सकती है। ऐसे में अचानक ठंड में इजाफा हो सकता है।
मानसून की विदाई के बाद से ही उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि, इस बार मानसून निर्धारित समय से करीब 10 दिन देरी से विदा हुआ, लेकिन दिन में गर्मी अब भी बरकरार है। चटख धूप खिलने से अधिकतम तापमान बढ़ा हुआ है और दुपहरी पसीने छुटा रही है। अक्टूबर का पहला पखवाड़ा लगभग बीत चुका है। अब आमतौर पर ठंड की शुरुआत हो जाती है। सुबह और शाम के समय अभी हल्की ठंडक महसूस की जाने लगी है। लेकिन, अभी गर्म कपड़े नहीं निकले हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक 17 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें- आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा उच्च शिक्षा में विषय के रूप में शामिल होगा आपदा प्रबंधन
ऐेसे में तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस गिर सकता है। जिससे ठंड में इजाफा होगा। अक्टूबर के अंत तक ठिठुरन महसूस की जा सकती है। फिलहाल दिन के समय तापमान में विशेष अंतर नहीं आएगा। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह और शाम अगले एक पखवाड़े में कड़ाके की ठंड महसूस की जा सकती हैl
यह भी पढ़ें- पेट्रोल और रसोई गैस के बाद तरकारी के भी तेवर तल्ख, 60 रुपये किलो पहुंचे टमाटर के दाम