किसी भी अभियान को आगे बढ़ाने में युवाओं की भूमिका अहम: सीएम त्रिवेंद्र रावत
सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि किसी भी अभियान को आगे बढ़ाने में युवा वर्ग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। किसी भी अभियान से जब युवा जुड़ते हैं तो वह अभियान जरूर सफल होता है।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि किसी भी अभियान को आगे बढ़ाने में युवा वर्ग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। किसी भी अभियान से जब युवा जुड़ते हैं, तो वह अभियान जरूर सफल होता है। कोरोना से बचाव में जागरूकता में भी युवा अहम भूमिका निभा सकते हैं।
रविवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड यंग थिंकर्स मीट की वर्चुअल कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जब भी कोई कार्य जनसहभागिता से किया जाता है, तो उसमें अवश्य ही सकारात्मक परिणाम मिलते हैं। राज्य सरकार ने वर्ष 2017 में जब जल संरक्षण अभियान चलाया तो उसमें प्रदेशवासियों का अच्छा सहयोग मिला। रिस्पना और कोसी के पुनर्जीवन के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। कोसी नदी पर एक घंटे में 1.67 लाख पौधे रोपे गए।
देहरादून में भी एक दिन में 3.52 लाख पौधे लगाए गए। यह जनसहभागिता से ही संभव हो पाया। सभी परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड देने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना लागू करने वाला भी उत्तराखंड देश का पहला राज्य है। इस योजना के तहत 150 प्रकृति के कार्यों को शामिल किया गया है। प्रदेश में जिस भी क्षेत्र में लोग काम करना चाहते हैं, वे लगभग सभी कार्य इसमें आच्छादित किए गए हैं। कोरोना से बचाव में भी युवाओं की अहम भूमिका हो सकती है। इस वायरस से बचाव के लिए शारीरिक दूरी और मास्क का प्रयोग जरूरी है। इसके लिए लोगों को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए।
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत बोले, युवाओं में चुनौतियों को अवसर में बदलने का हुनर
सरकार 13 जिले, 13 नए पर्यटन क्षेत्र, पर काम कर रही है। प्रदेश के 500 विद्यालयों को वर्चुअल क्लास से जोड़ा गया है। पांच विश्वविद्यालयों और 104 महाविद्यालयों को ई-ग्रंथालय से जोड़ा गया है। ई-कैबिनेट की शुरुआत की गई है। सचिवालय में 16 ई-ऑफिस बनाए गए हैं। गैरसैंण विधानसभा को ई-विधानसभा बनाया जा रहा है। देहरादून कलेक्ट्रेट को ई-कलेक्ट्रेट बनाया गया है। देहरादून के एसडीएम कार्यालय भी जल्द ही ई-कार्यालय से जुड़ जाएंगे। युवाओं को स्वरोजगार की दिशा में विशेष ध्यान देना होगा। इससे हम दूसरों को भी रोजगार से जोड़ सकते हैं।
यह भी पढ़ें: भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री राम माधव बोले, आत्मनिर्भर बनकर संवारें वर्तमान और भविष्य