उत्तराखंड : मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नए दायित्वधारियों की घोषणा की, पढ़िए पूरी खबर
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पार्टी के 10 नेताओं को विभिन्न समितियों आयोगों में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष मनोनीत किया। इनमे दो को कैबिनेट और आठ को राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है। यह जानकारी मुख्यमंत्री के मीडिया कोर्डिनेटर दर्शन रावत ने दी है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून : आखिरकार लंबे इंतजार के बाद भाजपा नेताओं की मुराद पूरी हो गई। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को 10 पार्टी नेताओं को विभिन्न आयोगों, समितियों व परिषदों में उपाध्यक्ष पदों के दायित्वों से नवाज दिया। इनमें से दो को कैबिनेट मंत्री तथा आठ को राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है। इसके अलावा भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून के कमांडेंट का पद संभाल चुके लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) जयवीर सिंह नेगी को मुख्यमंत्री का सैन्य एवं सीमांत क्षेत्र सुरक्षा सलाहकार बनाया गया है।
जिन दो नेताओं को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है, उनमें बागेश्वर जिले के पूर्व विधायक शेर सिंह गडिय़ा को उपाध्यक्ष राज्य स्तरीय बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति तथा ऊधमसिंह नगर के विनय रोहिला को उपाध्यक्ष राज्य योजना आयोग का दायित्व सौंपा गया है।
राज्य मंत्री के दर्जे के साथ दायित्व पाने वालों में कर्णप्रयाग के पूर्व विधायक अनिल नौटियाल को उपाध्यक्ष, उत्तराखंड औषधीय पादप बोर्ड, हरिद्वार के संजय सहगल को उपाध्यक्ष राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य सलाहकार एवं अनुश्रवण परिषद, देहरादून के राजपाल सिंह रावत को उपाध्यक्ष प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अनुश्रवण परिषद तथा अल्मोड़ा के गोविंद पिल्खवाल को उपाध्यक्ष उत्तराखंड चाय विकास बोर्ड बनाया गया है।
इनके अलावा उत्तरकाशी के जगवीर सिंह भंडारी को उपाध्यक्ष राज्य बागवानी बोर्ड, हल्द्वानी के तरुण बंसल को उपाध्यक्ष राज्य स्तरीय उद्योग मित्र परिषद, टिहरी गढ़वाल के संजय नेगी को उपाध्यक्ष उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग व ऋषिकेश के सुरेंद्र मोघा को उपाध्यक्ष समाज कल्याण योजना अनुश्रवण समिति का दायित्व सौंपा गया है। इन सभी को भी राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सभी नवनियुक्त दायित्वधारियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और कुशलता के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि इनके अनुभव का लाभ प्रदेश को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने दायित्वधारियों से राज्य सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों व जनहित में किए गये कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने की अपेक्षा भी की है।
यह भी पढ़ें: पूर्व सीएम हरीश रावत ने उत्तराखंड सरकार को लिया आड़े हाथ, कहा- धान की खरीद से खींचे हाथ