Move to Jagran APP

मुख्यमंत्री ने की राष्ट्रीय महामंत्री संगठन से मुलाकात, इन मुद्दों पर चर्चा

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और महामंत्री संगठन रामलाल के बीच कर्इ अहम मुद्दों पर चर्चा की गर्इ। हालांकि मुख्यमंत्री कार्यालय ने इसे केवल एक शिष्टाचार मुलाकात बताया है।

By Edited By: Published: Sun, 18 Nov 2018 03:00 AM (IST)Updated: Sun, 18 Nov 2018 04:32 PM (IST)
मुख्यमंत्री ने की राष्ट्रीय महामंत्री संगठन से मुलाकात, इन मुद्दों पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने की राष्ट्रीय महामंत्री संगठन से मुलाकात, इन मुद्दों पर चर्चा
देहरादून, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल से मुलाकात की। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान प्रदेश में नए संगठन महामंत्री के मनोनयन, पूर्व महामंत्री संगठन पर लगे आरोपों के बाद उपजे राजनीतिक हालात और दायित्व वितरण समेत कई अहम मसलों पर चर्चा हुई। हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय ने इसे केवल एक शिष्टाचार मुलाकात बताया है। 
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत शुक्रवार शाम नई दिल्ली पहुंच गए थे। इससे प्रदेश में तमाम तरह की कयासबाजी शुरू हो गई थी। शनिवार को उन्होंने राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल से मुलाकात की। इन दोनों के बीच काफी देर तक बात हुई। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच प्रदेश संगठन और नए महामंत्री संगठन को लेकर गहन मंथन हुआ। 
गौरतलब है कि भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार पर एक महिला द्वारा उत्पीड़न के आरोप लगाने के बाद केंद्रीय नेतृत्व ने कुछ समय पहले हटा दिया है। अब इस मामले में महिला की तहरीर पर देहरादून पुलिस जांच शुरू कर चुकी है। इसके बाद से ही प्रदेश महामंत्री संगठन का पद रिक्त चल रहा है। दरअसल, भाजपा में प्रदेश महामंत्री संगठन का पद बेहद अहम माना जाता है। 
इस पद पर बैठे व्यक्ति पर कई विशेषाधिकार होते हैं और सांगठनिक निर्णयों पर उनकी बेहद अहम भूमिका रहती है। चूंकि, अब लोकसभा चुनाव निकट हैं, ऐसे में यह पद बहुत अधिक समय तक रिक्त नहीं रखा जा सकता। इतना ही नहीं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पूर्व प्रचारकों ने भी महामंत्री संगठन जैसे अहम पद पर अंगुली उठना बेहद गंभीर माना था और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन को पत्र लिखकर पद की गरिमा के अनुरूप ही नई नियुक्ति का अनुरोध किया था। 
इसी क्रम में शनिवार को मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय महामंत्री संगठन के बीच हुई मुलाकात को इस पद को भरने के लिए हुए मंथन के रूप में देखा जा रहा है। इसी दौरान महानगर अध्यक्ष की भूमिका पर सवाल उठने के बाद उठे हालात पर भी चर्चा की गई है। माना जा रहा है कि इस दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उनसे सरकार में रिक्त चल रहे दायित्वों के संबंध में भी गहन मंथन किया।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.