मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का पहला चरण इसी सप्ताह से
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना शुरू हो चुकी है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना शुरू हो चुकी है। इसके परिणाम भी सामने आ रहे हैं। इस सप्ताह में सभी जनपदों में योजना के तहत पहले चरण का काम शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने सरकार का जीरो टॉलरेंस नीति पर अटल रहने की बात को भी दोहराया। उन्होंने कहा जब तक सरकार है जब तक भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई होती रहेगी। जांच के संबंध में उन्होंने कहा कि समयबद्ध तरीके से की गई जांच से ही आरोपितों को उनके दोष की सजा दी जा सकती है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया में भ्रामक प्रचार करने वालों पर नजर रखने की बात कही।
शनिवार को सचिवालय में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि रोजगार वर्ष का कार्यक्रम लगातार चल रहा है। आरक्षण के कारण कार्रवाई रूक गई थी। अब कोरोना के कारण भी परीक्षाएं कराने में दिक्कतें हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि जो परीक्षा पहले एक दिन में होती थी उसे तीन से चार दिन में कराया जाए ताकि सुरक्षित शारीरिक दूरी के मानकों का अनुपालन किया जा सके। जब मुख्यमंत्री ने रोजगार वर्ष घोषित किया है तो कार्रवाई होनी ही चाहिए।
भ्रष्टाचार के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पद की शपथ ली थी तब उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करने की बात कही थी। सरकार इस नीति पर बिल्कुल स्पष्ट रुख अपनाए हुए हैं। जब तक सरकार रहेगी तब तक इसी नीति पर काम होता रहेगा। जांच के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच तभी फायदेमंद है जब वह समयबद्ध तरीके से की जाए। जांच में देरी होने के कारण कई बार नतीजे विपरीत हो जाते हैं। आरोपियों को बच निकलने के लिए समय मिल जाती है। समयबद्ध जांच में आरोपितों पर कार्रवाई की जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया के नाम पर कुछ लोग असामाजिक हो जाते हैं। भ्रामक प्रचार किया जाता है। ऐसे लोगों पर नजर रखने को कहा गया है देखा जा रहा है कि कहीं वे किसी एजेंडे के तहत काम तो नहीं कर रहे हैं। जो लोग इसका सकारात्मक इस्तेमाल कर रहे हैं उन्हें शाबासी भी दी जा रही है। जो गलत कर रहे हैं उन पर नियमानुसार कार्रवाई के लिए कहा गया है।