सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शहीदों की शहादत को किया नमन
देहरादून में कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शहीदों की शहादत को नमन किया। और कहा कि वीर सैनिकों के इस बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा।
देहरादून, [जेएनएन]: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय सेना के अदम्य साहस और शौर्य को नमन किया। साथ ही वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित की।
कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि भारतीय सैनिकों ने जिस प्रकार विपरीत परिस्थितियों में वीरता का परिचय दिया और घुसपैठियों को सीमा पार खदेड़ा, उससे पूरे विश्व ने भारतीय सेना का लोहा माना। सीएम रावत ने ये भी कहा कि कारगिल युद्ध में देश की सीमाओं की रक्षा के लिए वीर सैनिकों के बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में वीरता व बलिदान की लम्बी परम्परा रही है। कारगिल युद्ध में बड़ी संख्या में उत्तराखण्ड के सपूतों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहूति दी। इस अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार सैनिकों व पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों के कल्याण के लिए वचनबद्ध है।
राष्ट्रपति कोविंद को दी शुभकामनाएं
वहीं मुख्यमंत्री त्रिवेंन्द्र सिंह रावत ने भारत के नव नियुक्त राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को देश के 14वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण करने पर बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि राष्ट्रपति कोविंद के व्यापक राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव से उनके मार्गदर्शन और नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर नयी ऊंचाईयां हासिल करेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने निवर्तमान राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को भी उनके सफल कार्यकाल के पूर्ण होने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की है।
यह भी पढ़ें: कारगिल युद्ध में उत्तराखंड के 75 रणबांकुरों ने दी थी आहूति
यह भी पढ़ें: जवानों ने ली देश की आन, बान व शान की रक्षा की कसम