उत्थान ने प्रदेश सरकार को पुरस्कार किया समर्पित
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से समाजसेवी संस्था उत्थान के संचालक गौरव मिश्रा ने शिष्टाचार भेंट की।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से समाजसेवी संस्था उत्थान के संचालक गौरव मिश्रा ने शिष्टाचार भेंट की। उत्तराखंड की इस संस्था को पांच अप्रैल को संयुक्त राष्ट्र संघ ने समाज सेवा के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए पुरस्कृत किया है। संस्थान ने यह पुरस्कार उत्तराखंड सरकार को समर्पित किया है।
सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात के दौरान संस्था के संचालक गौरव मिश्रा ने बताया कि उनकी संस्था स्वयंसेवकों के माध्यम से स्कूलों में शिक्षा प्रदान करने व गरीब परिवारों को मदद मुहैया कराने के अलावा नशा मुक्ति के लिए युवाओं को प्रेरित कर रही है। यह उत्तराखंड की पहली सामाजिक संस्था है, जिसे संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा पुरस्कृत किया गया है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सामाजिक उत्थान की दिशा में संस्था के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से लोगों में समाज सेवा के प्रति चेतना का संचार होता है। युवा पीढ़ी को समाज सेवा के लिए प्रेरित करने में सामाजिक संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।