विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मां के सम्मान से खिलवाड़ मत करो, वरना जनता देगी जवाब', सीएम धामी ने राहुल गांधी को दी चेतावनी

Published: Sun, 20 Sep 2026 09:11 PM (IST)

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री मोदी की मां के सम्मान से खिलवाड़ न करने की चेतावनी दी है।

राहुल गांधी पर भड़के सीएम धामी।

राहुल गांधी पर भड़के सीएम धामी।

HighLights

  1. सीएम धामी ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री की मां पर टिप्पणी से रोका।

  2. राजनीति में विरोध की मर्यादा का पालन करने की सलाह दी।

  3. मातृशक्ति का सम्मान भारतीय संस्कृति और लोकतांत्रिक मर्यादा का हिस्सा।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां के सम्मान से खिलवाड़ को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राहुल गांधी पर भड़क उठे। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि राजनीति में विरोध की भी मर्यादा होती है और मां का सम्मान सबसे ऊपर है।

राहुल गांधी पवित्र मां शब्द से खिलवाड़ बंद करें। प्रधानमंत्री मोदी से मुकाबला करना है तो उनकी नीतियों, काम और फैसलों से करें, उनकी मां को राजनीति में घसीटने का दुस्साहस न करें।

धामी ने कहा कि मां किसी राजनीतिक दल की नहीं होती, वह ममता, त्याग, तपस्या और संस्कार की प्रतीक होती है। प्रधानमंत्री मोदी की मां ने विपरीत परिस्थितियों में परिवार संभाला और अपने बेटे को संघर्ष के संस्कार दिए। ऐसी मातृशक्ति को लेकर टिप्पणी भारतीय संस्कृति और लोकतांत्रिक मर्यादा दोनों का अपमान है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस महिला सम्मान तथा नारी शक्ति की बातें करते हैं, लेकिन उनके मंच पर बुजुर्ग महिला और प्रधानमंत्री की मां से जुड़ा प्रसंग उपहास का विषय बने तो उनके दावों की पोल खुल जाती है। मातृशक्ति का उपहास महिला सम्मान नहीं हो सकता।

उत्तराखंड देवभूमि है और यहां मां तथा मातृशक्ति के सम्मान की परंपरा रही है। राहुल गांधी मां के सम्मान की मर्यादा न तोड़ें। जनता ऐसी राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

मां पर टिप्पणी से पहले गिरेबान में झांकें राहुल: भट्ट

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां हीराबेन त्याग, तपस्या, संघर्ष और संस्कारों की प्रतिमूर्ति थीं। अभावों में परिवार संभालकर उन्होंने अपने बेटे को संघर्ष की राह दिखाई।

चाय बेचने वाले परिवार के एक बच्चे के प्रधानमंत्री पद तक पहुंचने में मां के संस्कार और साधना की भी भूमिका रही। भट्ट ने कहा कि राहुल गांधी को किसी की मां पर टिप्पणी करने से पहले अपनी पारिवारिक पृष्ठभूमि और गिरेबान में झांकना चाहिए। मोदी की मां के सम्मान को राजनीति का हथियार बनाना उनकी संकीर्ण सोच को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला सम्मान और नारी शक्ति की बातें करती है, लेकिन राहुल गांधी के मंच पर मातृशक्ति से जुड़ा प्रसंग उपहास का विषय बनना उसकी कथनी-करनी का अंतर उजागर करता है। महिला सम्मान भाषणों से नहीं, आचरण से साबित होता है। राहुल गांधी को देश की मातृशक्ति को जवाब देना होगा।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड बनेगा देश का रोपवे हब: केदारनाथ से कैंची धाम तक बिछेगा 160 किमी का जाल, धामी सरकार ने शुरू की तैयारी