आज से ठप होगी शहर की सफाई व्यवस्था
जागरण संवाददाता, देहरादून: मोहल्ला स्वच्छता समिति के कर्मचारियों का संविदाकरण न होने से आक्रोशित सफा
जागरण संवाददाता, देहरादून: मोहल्ला स्वच्छता समिति के कर्मचारियों का संविदाकरण न होने से आक्रोशित सफाई कर्मचारी सोमवार दोपहर से बेमियादी हड़ताल पर चले गए हैं। मंगलवार से शहर की सफाई व्यवस्था ठप होगी। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ ने कूड़ा उठान भी ठप करने का ऐलान किया है। वहीं, नगर निगम प्रशासन का दावा है कि नाला गैंग और रात्रि सफाई में लगे कर्मचारियों के जरिये शहर में सफाई व्यवस्था सुचारू रखी जाएगी।
सोमवार को सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम में प्रदर्शन किया। तीन घंटे तक नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे से वार्ता हुई। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को भरोसा दिया कि जिलाधिकारी इस मसले पर शहरी विकास मंत्री से वार्ता करेंगे। लेकिन, सफाई कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि संविदाकरण की कार्रवाई होने तक हड़ताल जारी रहेगी। मंगलवार को डीएम कार्यालय तक रैली भी निकाली जाएगी।
बता दें कि कांग्रेस शासनकाल में 22 नवंबर 2016 को मोहल्ला स्वच्छता समिति में कार्यरत वरिष्ठ कार्मिकों को संविदा के रिक्त पदों पर नियुक्त करने का शासनादेश हुआ था। नगर निगम ने छह माह के भीतर प्रक्रिया पूरी करने का दावा किया था, मगर डेढ़ साल बाद भी निगम संविदाकरण को अंजाम नहीं दे सका। इसे लेकर कर्मचारी दो बार आंदोलन कर चुके हैं, लेकिन नगर निगम अधिकारी लापरवाह बने रहे। बताया गया कि इसी 27 अप्रैल को सरकार का नया आदेश आया है, जिसमें विभागों में फिलहाल नियमितीकरण व संविदाकरण न करने के आदेश दिए गए हैं। इसके सफाई कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने एक मई को धरना-प्रदर्शन कर चेतावनी दी थी कि अगर नगर निगम ने तीन दिन के भीतर कार्रवाई नहीं की तो हड़ताल होगी, मगर कुछ नहीं किया गया। इससे खफा सफाई कर्मचारियों ने तीन मई को महापौर कार्यकाल के अंतिम दिन विनोद चमोली का घेराव कर नारेबाजी की व उन्हें खरीखोटी भी सुनाई थी। साथ ही सात मई से हड़ताल का ऐलान किया था। सोमवार सुबह तो शहर के कुछ हिस्सों में सफाई हुई, लेकिन दोपहर से सभी कर्मचारी हड़ताल पर चले गए। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के शाखा अध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि नगर निगम प्रशासन की लापरवाही के चलते सफाई कर्मचारियों का संविदाकरण नहीं हुआ। इस मामले में पहले भी कई बार आंदोलन हो चुके हैं, लेकिन हर बार झूठे आश्वासन दिए गए। आज से दिख सकता है हड़ताल का असर
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का मंगलवार से शहर में व्यापक असर देखने को मिल सकता है। सोमवार को भी कई जगहों पर कूड़े के ढेर लगे मिले। यानी कूड़ा उठान भी नहीं हुआ। हालांकि, सोमवार को तो सुबह कुछ हिस्सों में सफाई की गई थी।