मुख्यमंत्री ने देश के 22वें विधि विश्वविद्यालय की रखी आधारशिला
देहरादून के रानीपोखरी में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने 26 करोड़ की लागत से बनने वाले देश के 22वें राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी।
डोईवाला, जेएनएन। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रानीपोखरी में 26 करोड़ की लागत से बनने वाले देश के 22वें राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी। साथ ही 73 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्रीय विधि विश्वविद्यालय रोजगारपरक शिक्षा में मील का पत्थर साबित होगी। इससे स्थानीय लोगों की आर्थिकी भी सुधरेगी व रोजगार भी मिलेगा।
शनिवार को रानीपोखरी में केंद्रीय विधि विश्वविद्यालय के शिलान्यास करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसका लाभ आने वाले वर्षो में दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीर सपूतों की भूमि है। वीरों के सम्मान में प्रदेश में डिजिटल शौर्य स्थल बनाया जाएगा। जिसमें शहीदों का इतिहास युवाओं को प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि पिछले 23 महीने में डोईवाला क्षेत्र में दो राष्ट्रीय स्तर के संस्थान खुले।
इससे पहले डोईवाला में वर्ष 2017 में सीपैट का उद्घाटन किया गया था। वहीं पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किच्छा व लालढ़ाग में दो नए मॉडल डिग्री कॉलेज व पौडी में प्रदेश का पहला वोकेशनल कॉलेज का शिलान्यास किया है। ऋषिकेश में शीघ्र ही कन्वेंसन सेंटर की स्थापना की जाएगी। इससे पर्यटक बढ़ेंगे और राज्य को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में साइंस सिटी बनाने के लिए केन्द्र से स्वीकृति मिल चुकी हे। सुद्धोवाला में 26 एकड भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है। विशिष्ट अतिथि सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि रानीपोखरी में बनने वाला यह राष्ट्रीय लॉ विश्वविद्यालय प्रदेश की पहचान बनेगा। उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि पिछले 23 माह में प्रदेश के लगभग चार लाख युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिला है। उन्होंने बताया कि सात मार्च से आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले तीन लाख बच्चों को पौष्टिक आहार के रूप में सप्ताह में दो दिन दूध उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा महामंत्री प्रेम पुंडीर ने किया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल, उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ के अध्यक्ष बृज भूषण गैरोला, मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी धीरेन्द्रे सिंह पंवार, दर्शन सिंह रावत, राजेंद्र मनवाल, नवीन चौधरी, करण बोरा, अमित शाह, सुशील वर्मा, अजय बहुगुणा, श्रवण सिंह प्रधान, पूरन सिंह नेगी, सम्पूर्ण सिंह रावत आदि उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री रावत ने एसटीएच में एक अरब 97 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास
यह भी पढ़ें: आलयम योजना: लॉटरी के जरिए 240 ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स का आवंटन