प्रमुख वन संरक्षक ने आसन वेटलैंड का किया निरीक्षण
विकासनगर शनिवार को प्रमुख वन संरक्षक डॉ. राजीव भरतरी ने देश के पहले कंजरवेशन रिजर्व आसन वेटलैंड का निरीक्षण किया। उन्होंने आसन झील के सभी किनारों से पक्षियों की गतिविधियों को देखा।
संवाद सहयोगी, विकासनगर: शनिवार को प्रमुख वन संरक्षक डॉ. राजीव भरतरी ने देश के पहले कंजरवेशन रिजर्व आसन वेटलैंड का निरीक्षण कर बर्ड फ्लू से बचाव को की गई तैयारियों का जायजा लिया। बर्ड फ्लू से बचाव को उन्होंने विदेशों से आए पक्षियों के बारे में स्थानीय अधिकारियों से विस्तार से जानकारी हासिल की। प्रमुख वन संरक्षक ने रामपुर मंडी में प्रत्येक वर्ष आयोजित किए जाने वाले बर्ड फेस्टिवल को लेकर भी वन अधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने वन आरक्षी ट्रेनिग सेंटर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।
बर्ड फ्लू की आशंका के चलते आसन बैराज क्षेत्र में की गई तैयारियों का प्रमुख वन संरक्षक डॉ. राजीव भरतरी ने मौका मुआयना किया। उन्होंने आसन झील के सभी किनारों से पक्षियों की गतिविधियों को देखा और चकराता वन प्रभाग व कालसी वन प्रभाग के डीएफओ से क्षेत्र में बर्ड फ्लू की आशंका व तैयारियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी की। बर्ड फ्लू के कारण अधर में लटके बर्ड फेस्टिवल की संभावनाओं को लेकर उन्होंने वन अधिकारियों से चर्चा की। झील के आसपास के क्षेत्र में गश्त करने वाले कर्मचारियों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में किसी भी पक्षी के मरने या बीमार होने की सूचना मिलती है तो उसे गंभीरता से लेते हुए उस पर तुरंत आवश्यक कार्रवाई की जाए। प्रमुख वन संरक्षक ने रामपुर मंडी स्थित वन आरक्षी प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण कर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे आरक्षियों को मेहनत व लगन के साथ प्रशिक्षण पूरा करने की बात कही। चकराता वन प्रभाग के डीएफओ नीतिश मणि त्रिपाठी, कालसी वन प्रभाग के डीएफओ श्रीप्रकाश शर्मा, कालसी के एसडीओ रंगनाथन पांडेय, रेंजर आसन राजेंद्र प्रसाद हिगवाण, वन दारोगा प्रदीप सक्सेना आदि मौजूद रहे।