Chardham Yatra: चारधाम यात्रा को लेकर हाई कोर्ट में याचिका दायर करेगी कांग्रेस, जानें- गोदियाल ने क्या कहा
Chardham Yatra 2021 कांग्रेस चारधाम यात्रा को लेकर हाई कोर्ट में याचिका दायर करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल का कहना है कि पार्टी ने सरकार से विपक्ष से इस मामले में मार्गदर्शन लेने का अनुरोध किया था लेकिन ऐसा नहीं हुआ है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। Chardham Yatra 2021 उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश ने कहा कि चार धाम यात्रा के बारे में फैसला लेने में भाजपा सरकार विफल रही है। कांग्रेस चार धाम यात्रा शुरू कराने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर करेगी। उनका कहना है कि भाजपा सरकार इस मुद्दे पर ढुलमुल रवैया अपना रही है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चार धाम यात्रा प्रदेश की आर्थिकी से गहरे जुड़ी है। यात्रा बंद होने से आजीविका संकट उत्पन्न हो गया है। भाजपा सरकार इस मुद्दे पर ढुलमुल रवैया अपना रही है। मामला अदालत में होने के बावजूद सरकार पुरजोर पैरवी से कन्नी काट रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस मुद्दे पर बीते रोज धरना दिया था। साथ ही इस मामले में कांग्रेस ने सरकार से 24 घंटे के भीतर मार्गदर्शन लेने का अनुरोध किया गया था। सरकार चुप्पी साधे हुए है। ऐसे में कांग्रेस ने तय किया है कि वह खुद पहल करते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर कर चार धामा यात्रा पर पक्ष रखेगी। इस संबंध में वरिष्ठ अधिवक्ता वीबीएस नेगी को पार्टी की ओर से जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कांग्रेस सदस्यता अभियान आज से
प्रदेश कांग्रेस कमेटी गुरुवार से राज्य में सदस्यता अभियान की शुरुआत करेगी। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री संगठन एवं वरिष्ठ प्रवक्ता मथुरादत्त जोशी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस सदस्यता अभियान समिति का गठन किया जा चुका है। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी सभागार में जिला एवं महानगर अध्यक्षों की बैठक के माध्यम इस अभियान को शुरू किया जाएगा। पार्टी ने 10 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पार्टी प्रत्येक बूथ में कम से कम 50 सदस्य बनाएगी।
परिवर्तन यात्रा से पहले गंगा आरती में लेंगे भाग
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की दूसरे चरण की परिवर्तन यात्रा से पहले 17 सितंबर को शाम छह बजे हरकी पैड़ी पर श्री गंगाजी की आरती की जाएगी। प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने बताया कि परिवर्तन यात्रा 18 सितंबर को हरकी पैड़ी से प्रारंभ होकर दोपहर एक बजे ज्वालापुर व दो बजे बीएचईएल होते हुए शाम चार बजे रुड़की पहुंचेगी। पार्टी ने तीन दिनी परिवर्तन यात्रा का हरिद्वार जिले में 19 व 20 सितंबर का कार्यक्रम भी तय कर दिया है।
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Chunav: विधानसभा चुनाव पास, सियासी मोर्चे पर इस दोहरी चुनौती से जूझ रहे भाजपा-कांग्रेस