सीबीआइ इंस्पेक्टर देवरानी का यूएन मिशन के लिए हुआ चयन
सीबीआइ इंस्पेक्टर तेजप्रकाश देवरानी का संयुक्त राष्ट्र पुलिस मिशन के लिए चयन हुआ है। एक साल के लिए वह यूएन मिशन में अपनी सेवाएं देंगे।
देहरादून, जेएनएन। सीबीआइ इंस्पेक्टर तेजप्रकाश देवरानी का संयुक्त राष्ट्र पुलिस मिशन के लिए चयन हुआ है। देशभर के 164 अफसरों में उनको 11वां स्थान मिला है। एक साल के लिए वह यूएन मिशन में अपनी सेवाएं देंगे। इसके बाद दोबारा सीबीआइ में आ जाएंगे।
मूल रूप से देवराना पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले इंस्पेक्टर तेजप्रकाश देवरानी साकेत कॉलोनी देहरादून में रहते हैं।देवरानी अपने कार्य कुशलता के चलते सीबीआइ में बेस्ट विवेचक, सराहनीय सेवा समेत कई सम्मान से नवाजे गए हैं। वर्तमान में वह देहरादून शाखा में तैनात थे। सितंबर 2018 में आइटीबीपी कैंप दिल्ली में देशभर के पुलिस फोर्स, आइटीबीपी, बीएसएफ, एसएसबी, सीबीआइ, एनआइए आदि के पुलिस अधिकारियों की संयुक्त राष्ट्र पुलिस सेवा में जाने के लिए चयन परीक्षा हुई थी। इस परीक्षा में सीबीआइ इंस्पेक्टर देवरानी सीबीआइ से एक मात्र अफसर शामिल हुए थे।
परीक्षा परिणाम आने के बाद गृह मंत्रालय ने इंस्पेक्टर तेजप्रकाश देवरानी के यूएन मिशन पर जाने के आदेश जारी कर दिए हैं। चयनित अफसरों को 10 फरवरी तक अफ्रीका के संयुक्त राष्ट्र बेस कैंप युगांडा पहुंचना है। जहां कुछ दिन ट्रेनिंग के बाद इन लोगों को एक साल तक सूडान में पुलिस सेवा का जिम्मा मिलेगा। इधर, सीबीआइ के अधिकारियों ने देवरानी के चयन पर खुशी जताते हुए बधाई दी है।
यह भी पढ़ें: डॉ. हरीश ग्लोबल लीडरशिप अवार्ड के लिए हुए चयनित
यह भी पढ़ें: डीएवी पीजी कालेज के 47 छात्रों का बहुराष्ट्रीय कंपनी में हुआ चयन