एनएसयूआइ के प्रदेश अध्यक्ष समेत 250 के खिलाफ मुकदमा, बिना अनुमति रैली निकालना पड़ा भारी
राजधानी दून में एनएसयूआइ के सचिवालय कूच के दौरान बिना अनुमति रैली निकालने पर एनएसयूआइ के प्रदेश अध्यक्ष मोहन भंडारी के अलावा विनीत भट्ट रॉबिन त्यागी समेत 250 अन्य एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
देहरादून, जेएनएन। धारा चौकी इंचार्ज शिशुपाल सिंह राणा ने बताया कि एनएसयूआइ के सचिवालय कूच के दौरान बिना अनुमति रैली निकालने पर एनएसयूआइ के प्रदेश अध्यक्ष मोहन भंडारी के अलावा विनीत भट्ट, रॉबिन त्यागी, वैभव, विकास नेगी, उज्ज्वल सेमवाल, नित्यानंद कोठियाल, विपुल गौड़, आकाश गौड़, जोयल गंगाधर, आयुष गुप्ता, प्रियांशु गौड़, अंकिता बिष्ट, सौरभ ममगाईं, उदित थपलियाल सहित 250 अन्य एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
सत्ता का दुरुपयोग कर रही है भाजपा
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संगठन विजय सारस्वत और प्रदेश उपाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा ने भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन की ओर से फॉरेस्ट गार्ड भर्ती घोटाले और बेरोजगारी के मुद्दे पर किए गए सचिवालय कूच के दौरान पुलिस कार्रवाई की निंदा की है। उन्होंने इसे भाजपा के सत्ता का दुरुपयोग करना ठहराया। विजय सारस्वत ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से शांतिपूर्वक किए जा रहे कूच के दौरान जिस प्रकार का व्यवहार पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के साथ किया।
उक्रांद केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक 28-29 अक्टूबर को
उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक आगामी 28 और 29 अक्टूबर को रुद्रप्रयाग में होगी। काली कमली धर्मशाला में होने वाली बैठक में केंद्रीय कार्यकारिणी, जनपदों और महानगरों के अध्यक्ष और केंद्रीय प्रकोष्ठों के अध्यक्ष शामिल होंगे। यह जानकारी मंगलवार को दल के केंद्रीय अध्यक्ष दिवाकर भट्ट ने पत्रकार वार्ता में दी है। उन्होंने बताया कि कार्यकारिणी की बैठक में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने और सदस्यता अभियान चलाने को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। इसके अलावा नीतिगत विषयों के साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा बैठक में तय की जाएगी।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए चुनाव की तारीख का एलान, जानिए कब होगा मतदान
भाजपा सरकार के कार्यकाल में हो रहे भ्रष्टाचार, कर्मचारियों का उत्पीड़न, आउटसोर्स कर्मचारियों के मुद्दे, युवाओं और प्रवासियों के लिए लिए रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर आंदोलन करने की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह विफल रही है। कोरोनाकाल में भी फिजूलखर्ची की जा रही है। भट्ट ने कहा कि दल सरकारी सिस्टम में हो रहे भ्रष्टाचार के मामलों की पोल खोलते रहेगा। केंद्रीय महामंत्री जयप्रकाश उपाध्याय, महानगर अध्यक्ष सुनील ध्यानी आदि भी पत्रकार वार्ता में मौजूद रहे।