यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 10, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
देहारदून में महिला की पिटाई कर जबरन पिलाया फिनाइल, पति समेत 12 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
दहेज उत्पीड़न पिटाई और फिनाइल पिलाने के मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने पति सहित 12 के खिलाफ मुकदमा दर्ज ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। दहेज उत्पीड़न, पिटाई और फिनाइल पिलाने के मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने पति सहित 12 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। विजय कॉलोनी, नई बस्ती निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी रवि कुमार से 16 नवंबर 2017 को हुई थी। शादी के बाद उसकी एक बेटी हुई, लेकिन आरोपितों ने दहेज को लेकर कुछ दिनों बाद ही उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी।
महिला ने बताया कि सात जनवरी 2018 को जब उसे टायफाइड हुआ तो आरोपितों ने उसका इलाज नहीं कराया और खाना तक नहीं दिया। उसने अपने मायके आकर इलाज करवाया। दो जून 2018 को आरोपित उसके मायके पहुंचे, उस समय उसकी मां घर पर नहीं थी। आरोपितों ने जान से मारने की नीयत से उसकी पिटाई की और जबरन फिनाइल पिला दिया। उसकी मां ने उसे कोरोनेशन अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उसका इलाज चला।
पीडि़त ने बताया कि उसने अदालत में वाद दायर कर दिया, लेकिन आरोपितों ने आगे से पिटाई न करने की बात कहकर समझौता करवा दिया। नौ नवंबर 2018 को वह ससुराल चली गई, लेकिन कुछ दिन ठीक रहने के बाद आरोपितों ने दोबारा दहेज की मांग करते हुए उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी।
नगर कोतवाल एसएस नेगी ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपित पति रवि कुमार, ससुर सुरेश कुमार, सास पुष्पा देवी, ननद निशा, हेमा, जेठ अजय, जेठानी नीलम, राजा, बंटी, छोटू, कुंता व रोहित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
