विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 06, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

यौन उत्पीड़न के मामले में भाजपा नेता संजय पर मुकदमा दर्ज

By Sunil NegiEdited By:
Published: Sun, 06 Jan 2019 08:41 AM (IST)

यौन उत्पीड़न के मामले में देर रात पूर्व भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।

यौन उत्पीड़न के मामले में भाजपा नेता संजय पर मुकदमा दर्ज
यौन उत्पीड़न के मामले में भाजपा नेता संजय पर मुकदमा दर्ज

देहरादून, जेएनएन। पूर्व भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार पर यौन उत्पीड़न के मामले में शनिवार देर रात कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोप लगाने वाली युवती ने शनिवार दोपहर में एसपी ग्रामीण सरिता डोबाल के सामने अपने बयान दर्ज कराए थे। एसपी ग्रामीण ने देर शाम प्रकरण पर अपनी जांच रिपोर्ट एसएसपी को सौंप दी। देर रात एसएसपी ने कोतवाली पुलिस को मामले में मुकदमा दर्ज करने का आदेश जारी कर दिया। 

बता दें, करीब डेढ़ महीने पहले युवती ने संजय कुमार पर फोन पर अश्लील बात करने और शारीरिक-मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था। भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी पर लगे इन आरोपों से सियासी हलके में तूफान खड़ा हो गया और आनन-फानन में संजय कुमार को पद से हटा दिया गया था। 

युवती की ओर से इस मामले में एसएसपी निवेदिता कुकरेती को ई-मेल के जरिये तहरीर भेजी गई थी। जिसे संज्ञान में लेकर एसएसपी ने एसपी ग्रामीण को जांच सौंपी थी। मामले में एसपी ग्रामीण तभी से पीड़िता से संपर्क कर उसे बयान के लिए बुलाती रहीं, लेकिन वह कोई न कोई कारण बताकर असमर्थता जताती रही।

शनिवार को पीड़िता अचानक देहरादून पहुंची और एसपी ग्रामीण सरिता डोबाल से संपर्क किया। एसपी ग्रामीण ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि युवती उनसे मिलने आई थी और उसने अपना बयान दर्ज कराते उसके साथ घटित घटना के बारे में सिलसिलेवार बताया। बयान में कहा कि उसके पास संजय कुमार के खिलाफ पक्के सबूत हैं। सबूत के बारे में पूछे जाने पर उसने ऑडियो क्लिपिंग का जिक्र करते हुए क्लिपिंग पुलिस को सौंप दी। 

देर शाम एसपी ग्रामीण ने प्रकरण पर अपनी जांच रिपोर्ट एसएसपी निवेदिता कुकरेती को सौंप दी। जिसके बाद एसएसपी ने मामले में बिना देर किए मुकदमा दर्ज करने का आदेश जारी कर दिया। कोतवाल शिशुपाल नेगी ने बताया कि भाजपा नेता संजय कुमार के खिलाफ आईपीसी की धारा 294, 354, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अब बयान के लिए संजय को नोटिस भेजा जाएगा।

एक और वीडियो हुआ वायरल

पूर्व भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन पर मीटू का आरोप लगाने वाली पीड़िता और वरिष्ठ नेता का एक वीडियो शनिवार को वायरल हो गया। वीडियो में पीड़िता नेता को अपनी पीड़ा सुना रही है। पीड़िता वीडियो में कह रही है कि क्या किसी प्रचारक को इस तरह हरकत करने का अधिकार है। वीडियो में बातचीत में वह कह रहे हैं कि उनका भी मीटू हो सकता है। तो पीड़िता कहती है, हां हो सकता है। फिर नेता कहते हैं कि क्या प्रचारक इंसान नहीं होता। शनिवार को यह वीडियो सोशल मीडिया में छाया रहा।

यह भी पढ़ें: पीड़ित छात्रा के घर पहुंचे स्कूल संचालक, पुलिस में शिकायत; जानिए पूरा मामला

यह भी पढ़ें: दुष्कर्म पीड़ि‍ता के दस दिन बाद भी दर्ज नहीं हुए बयान