टिकटों की धोखाधड़ी में हेली कंपनी पर मुकदमा
रुदप्रयाग पुलिस ने केदारनाथ के लिए हेली सेवाओं का संचालन कर रही हेरीटेज कंपनी पर बड़ी कार्रवाई की है।
By Edited By: Published: Mon, 28 May 2018 03:01 AM (IST)Updated: Mon, 28 May 2018 05:24 PM (IST)
जागरण संवाददाता, देहरादून: रुदप्रयाग पुलिस ने केदारनाथ के लिए हेली सेवाओं का संचालन कर रही हेरीटेज कंपनी पर बड़ी कार्रवाई की है। कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अशोक कुमार ने कंपनी के सीईओ और मालिक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। केदारनाथ के लिए संचालित हेली सेवा कंपनियों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने विशेष जांच कमेटी गठित की है। इसके लिए रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और देहरादून के एसपी कमेटी में शामिल हैं। रविवार को केदारनाथ जाने के लिए सेरसी स्थित हेरीटेज कंपनी के हेलीपैड पहुंचे छत्तीसगढ़ के यात्रियों के ऑनलाइन टिकटों को कंपनी के कर्मचारियों ने अवैध बता दिया था। इस मामले को लेकर यात्रियों ने पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस ने जांच की तो सभी टिकट वैध पाए गए। उल्लेखनीय है कि हेलीकाप्टर के टिकटों की कालाबाजारी में पुलिस पूर्व में भी दो एजेंटों को गिरफ्तार कर चुकी है। इधर, रुद्रप्रयाग के पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा ने बताया कि रायपुर (छत्तीसगढ़) के रहने वाले कुछ यात्रियों की शिकायत थी कि उन्होंने चार मई को हेरिटेज एविएशन से हेलीकॉप्टर के चार टिकट ऑनलाइन बुक कराए। शनिवार को जब वह हेलीपैड पहुंचे तो कंपनी के अधिकारियों ने टिकट अवैध बताते हुए उन्हें यात्रा करने से रोक दिया। इस मामले में पुलिस हेरिटेज एविएशन के दफ्तर पहुंची और जांच-पड़ताल की। जांच में टिकट वैध पाए गए। उन्होंने बताया कि जांच पता चला है कि कंपनी मनमाने तरीके से वैध टिकटों को अवैध बता रही है। एसपी ने बताया कि हेरीटेज कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कंपनियों की ऑनलाइन बुकिंग की भी जांच चल रही है। उधर, जांच रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय पहुंचने पर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अशोक कुमार ने कंपनी के सीईओ और मालिक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी कर्मचारियों के साथ हेली कंपनी के सीईओ और मालिक भी इसके लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि कुछ और कंपनियों के खिलाफ भी ऐसी शिकायतें मिली है। उनकी जांच की जा रही है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें