कांग्रेस का दो जिलों में 38 प्रत्याशियों को समर्थन
कांग्रेस ने सोमवार को दो जिलों देहरादून और अल्मोड़ा की जिला पंचायतों के लिए 38 प्रत्याशियों को समर्थन देने की घोषणा की है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून
कांग्रेस ने सोमवार को दो जिलों देहरादून और अल्मोड़ा की जिला पंचायतों के लिए 38 प्रत्याशियों को समर्थन देने की घोषणा की है। अब महज चार जिलों में ही पार्टी समर्थित प्रत्याशियों की सूची जारी की जानी है। हालांकि पार्टी ने शेष जिलों में संभावित प्रत्याशियों को नामांकन करने के लिए अधिकृत कर दिया है।
प्रदेश के 13 जिलों में हरिद्वार को छोड़कर शेष 12 जिलों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हो रहे हैं। कांग्रेस अब तक आठ जिलों में जिला पंचायत सदस्यों के लिए समर्थित प्रत्याशियों की सूची जारी कर चुकी है। कांग्रेस ने देहरादून जिला पंचायत के 20 वार्ड सदस्यों के लिए समर्थित प्रत्याशी घोषित किए। पार्टी विधायकों, विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों व जिला प्रभारियों के साथ विचार-विमर्श के बाद आम सहमति से उक्त प्रत्याशियों को समर्थन देने का निर्णय लिया गया है। देहरादून जिला पंचायत के लिए कुल 20 प्रत्याशियों में तीन महिला, पांच अनुसूचित जाति महिला, एक अनुसूचित जनजाति महिला, तीन अनुसूचित जाति, एक ओबीसी और शेष सामान्य को पार्टी ने समर्थन दिया है।
अल्मोड़ा जिला पंचायत के लिए 18 प्रत्याशियों को समर्थन दिया गया है। इनमें चार महिला, दो अनुसूचित जाति महिला, एक अनुसूचित जाति, शेष सामान्य श्रेणी के प्रत्याशी हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक अब शेष चार जिलों के लिए सूचियां घोषित होनी हैं। इनमें जिला प्रभारियों की व्यस्तता के चलते सूचियां जारी होने में देरी हुई। इन्हें मंगलवार तक जारी किया जाएगा।