नई पेंशन योजना के खिलाफ ट्विटर पर छेड़ी मुहिम, व्यवस्था को बताया कर्मचारी विरोधी
पुरानी पेंशन बहाली को कर्मचारियों ने इंटरनेट मीडिया पर भी मुहिम छेड़ दी है। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा ने ट्विटर के माध्यम से मांग उठाई। साथ ही शहीद-ए-आजम भगत सिंह राजगुरु और सुखदेव को भी शहीदी दिवस पर नमन किया।
जागरण संवाददाता, देहरादून। पुरानी पेंशन बहाली को कर्मचारियों ने इंटरनेट मीडिया पर भी मुहिम छेड़ दी है। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा ने ट्विटर के माध्यम से मांग उठाई। साथ ही शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को भी शहीदी दिवस पर नमन किया।
राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को राज्य के समस्त नई पेंशन योजना के कर्मियों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर ट्विटर पर अभियान चलाया। सभी कार्मिकों ने नई पेंशन व्यवस्था को कर्मचारी विरोधी बताते हुए सरकार से पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल करने की मांग की। मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि 23 मार्च के दिन भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु ने शहादत देकर देश में क्रांति की लहर को जन्म दिया था। आज उन्हीं को याद करते हुए राज्य के समस्त कर्मचारी पुरानी पेंशन के लिए क्रांति की ओर अग्रसर हैं।
मोर्चा के प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल ने कहा कि देश सेवा को दो भागों में बांट दिया गया है, इसमें से पहली देश सेवा वह है, जो पांच वर्ष के लिए चुना गया विधायक या सांसद करता है। दूसरी ओर वह देश सेवा है, जो एक प्रतियोगी परीक्षा पास करने के बाद कर्मचारी 30 से 40 वर्षों तक करता है, जिसमें से पहली देश सेवा के लिए तो सेवानिवृत्ति के बाद पुरानी पेंशन व्यवस्था का प्रविधान है और दूसरी देश सेवा में कर्मचारी को सेवानिवृत्ति के बाद दर-दर भटकना पड़ रहा है। कहा कि नई पेंशन व्यवस्था में प्राप्त होने वाली पेंशन 400 से 800 रुपये तक है, जिसमें कर्मचारी का गुजारा संभव नहीं है।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए लगाया शिविर
दून केंद्रीय पेंशनर्स एसोसिएशन ने फुट-दि-वियर के सहयोग से वरिष्ठ नागरिकों के लिए निश्शुल्क मधुमेह व हड्डी रोग का शिविर आयोजित किया। शिविर में चिकित्सकों ने बताया कि मधुमेह के साथ पांव की देखभाल किस तरह की जा सकती है। साथ ही मधुमेह को नियंत्रित रखने के उपाय भी बताए गए। वहीं, कई वरिष्ठ नागरिकों के पैरों की जांच पर उपचार भी दिया। इस अवसर पर आयोजक संस्था के प्रतिनिधि दिव्यकांत, एसोसिएशन अध्यक्ष बीएस नेगी, महासचिव एसएस चौहान, संरक्षक एनएन बलूनी, एमएस रावत, अशोक शंकर, एचएस काला आदि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- तहसील में कार्यबहिष्कार कर सरकार तक पहुंचाई आवाज, जानिए क्या है मांग
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें