कोरोना के खिलाफ लड़ाई में सब आगे आएं- महापौर
महापौर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में सब लोग आगे आएं।
जागरण संवाददाता, देहरादून : महापौर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में सब लोग आगे आएं। यह लड़ाई तभी जीती जा सकती है तब समाज का प्रत्येक व्यक्ति खुद को स्वस्थ रखने की मुहिम का हिस्सा बनेगा। यह बात उन्होंने शुक्रवार को व्यापारियों की ओर से आयोजित कोरोना जागरूकता शिविर का उद्घाटन करते हुए कही।
दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल की ओर से आयोजित कोरोना जागरूकता शिविर के दौरान व्यापारियों ने शहर के विभिन्न स्थानों पर दो से पांच लीटर तक के सेनिटाइजर के पैकेट रखे। इस मौके पर महंत श्री 108 कृष्ण गिरी ने कहा कि इस समय दुनियाभर में कोरोना वायरस का संकट गहराया हुआ है। इसलिए लोगों को जागरूक किया जाना बेहद जरूरी है। पहले खुद को सुरक्षित रखने की जरूरत है, फिर समाज भी सुरक्षित हो जाएगा। इस दौरान उन्होंने सेनिटाइजर से लोगों के हाथ भी साफ करवाए। व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज कुमार मैसोन ने कहा कि व्यापार मंडल की ओर से जनचेतना अभियान चलाया जा रहा है, जो आगे भी जारी रहेगा। सभी दुकानों के बाहर पम्पलेट चस्पा किए जा रहे है ताकि लोग कोरोना को लेकर जागरूक हों। व्यापार मंडल के मुख्य संरक्षक पृथ्वीराज चौहान ने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव को लेकर सरकार की ओर से जो भी सावधानी बरतने को कहा जा रहा है उसका पूरी तरह पालन किया जाएगा। मुख्य संरक्षक अशोक वर्मा ने कहा कि व्यापार मंडल शहर में जगह-जगह सेनिटाइजर रखेगा, ताकि लोग अधिक से अधिक उसका प्रयोग करें। व्यापारियों ने इंदिरा मार्केट, राजपुर रोड, एस्लेहॉल चौक, लैंसडौन चौक आदि में सेनिटाइजर को लेकर लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर हरीश विरमानी, राकेश किशोर गुप्ता, संतोष कोहली, हरीश गुप्ता, सुनील अग्रवाल, शेखर फुलारा, विनित मिश्रा, रोहित बहल, पंकज दिदान, रवि मल्होत्रा आदि मौजूद रहे।