Move to Jagran APP

उत्तराखंड: मंत्रिमंडल में भरे जाएंगे तीन रिक्त पद, हालात नियंत्रित होते ही होगा विस्तार

सीएम रावत अपने मंत्रिमंडल में रिक्त तीन स्थानों को जल्द भर सकते हैं। माना जा रहा है कि कोविड-19 से उपजे हालात के काबू आते ही मंत्रिमंडल में विस्तार किया जाएगा।

By Edited By: Published: Sun, 19 Jul 2020 03:00 AM (IST)Updated: Sun, 19 Jul 2020 02:54 PM (IST)
उत्तराखंड: मंत्रिमंडल में भरे जाएंगे तीन रिक्त पद, हालात नियंत्रित होते ही होगा विस्तार
उत्तराखंड: मंत्रिमंडल में भरे जाएंगे तीन रिक्त पद, हालात नियंत्रित होते ही होगा विस्तार

देहरादून, विकास धूलिया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत अपने मंत्रिमंडल में रिक्त तीन स्थानों को जल्द भर सकते हैं। माना जा रहा है कि कोविड-19 से उपजे हालात के काबू आते ही मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल विस्तार कर देंगे। मुख्यमंत्री ने शनिवार को स्वयं इस तरह के संकेत दिए। हालाकि, अभी यह स्पष्ट नहीं कि भाजपा के वे कौन तीन विधायक होंगे, जिन्हें टीम त्रिवेंद्र का हिस्सा बनने का मौका मिलेगा। 

loksabha election banner
उत्तराखंड की 70 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 57 विधायक हैं। संवैधानिक प्रविधान के मुताबिक राज्य में मंत्रिमंडल का आकार मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 12 सदस्यीय हो सकता है। मार्च 2017 में जब सूबे में भाजपा सरकार बनी, तब मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के अलावा नौ अन्य मंत्री बनाए गए। यानी शुरुआत में मंत्रिमंडल 10 सदस्यीय रहा और दो सीटें खाली रखी गईं। गत वर्ष जून में त्रिवेंद्र कैबिनेट के वरिष्ठ सदस्य प्रकाश पंत का असामयिक निधन होने के कारण मंत्रिमंडल में तीन स्थान रिक्त हो गए। 
स्वर्गीय पंत के पास वित्त, आबकारी, पेयजल जैसे महत्वपूर्ण पोर्टफोलियो थे, जो तब से अब तक भी मुख्यमंत्री के ही पास हैं। इस स्थिति में मंत्रिमंडल विस्तार तय समझा गया। इसी साल फरवरी में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर मंत्रिमंडल विस्तार को हरी झडी ले आए थे। तब स्वयं मुख्यमंत्री ने कहा था कि मार्च पहले हफ्ते तक उनकी टीम में नए सदस्यों को शामिल किया जा सकता है। इसके बाद देश में कोविड-19 के तेजी से फैलने के कारण लॉकडाउन लगाना पडा। इससे स्वत: ही मंत्रिमंडल विस्तार पर ब्रेक लग गया। 
इस बीच पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत भी कई दफा जल्द इसके संकेत देते रहे हैं। मंत्री पद के तमाम दावेदार विधायक भी इस दौरान अपने-अपने स्तर पर लाबिंग में लगे रहे। हालाकि उनका इंतजार अब भी खत्म नहीं हुआ, जबकि विधानसभा चुनाव में महज डेढ़ ही साल बचे हैं। मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा शनिवार को फिर सियासी गलियारों में तेजी से चली। दरअसल मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शनिवार को राजभवन में राज्यपाल बेबी रानी मौर्य से मुलाकात की। हालाकि राजभवन ने इसे महज शिष्टाचार भेंट ही बताया, लेकिन सियासी गलियारों में नए सिरे से मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया। 
देर शाम 'दैनिक जागरण' ने जब मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से बात की तो उन्होंने संकेत दिए कि अब जल्दी ही मंत्रिमंडल विस्तार किया जाएगा। हालाकि राज्यपाल से शनिवार को हुई मुलाकात को उन्होंने भी शिष्टाचार भेंट ही बताया, लेकिन साथ ही कहा कि कोरोना के कारण मंत्रिमंडल विस्तार नहीं किया जा सका है। उन्होंने कहा कि गत फरवरी में ही पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से इस संबंध में बात हो चुकी है। स्थिति नियंत्रित होते ही मंत्रिमंडल में नए सदस्य शामिल किए जा सकते हैं।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.