हल्द्वानी व बागेश्वर के कनिष्ठ प्रमुखों का उपचुनाव 30 को
क्षेत्र पंचायत हल्द्वानी और बागेश्वर में कनिष्ठ उप प्रमुखों के रिक्त चल रहे पदों के लिए उपचुनाव 30 जनवरी को होगा।
राज्य ब्यूरो, देहरादून
क्षेत्र पंचायत हल्द्वानी और बागेश्वर में कनिष्ठ उप प्रमुखों के रिक्त चल रहे पदों के लिए उपचुनाव 30 जनवरी को होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही दोनों क्षेत्र पंचायतों में आदर्श आचार संहिता भी प्रभावी हो गई है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट की ओर जारी अधिसूचना के अनुसार दोनों क्षेत्र पंचायतों में कनिष्ठ उप प्रमुखों के उपचुनाव की प्रक्रिया 25 जनवरी को नामांकन दाखिल करने के साथ होगी। इसके लिए सुबह 11 से दोपहर बाद तीन बजे का समय निर्धारित किया गया है। इसी दिन साढ़े तीन बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। 28 जनवरी को सुबह 11 से दोपहर बाद तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 30 जनवरी को सुबह 10 बजे से मतदान होगा, जो कि दोपहर बाद तीन बजे तक चलेगा। मतदान के तत्काल बाद मतगणना होगी और फिर शाम तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।